एनडीए और महागठबंधन का घोषणापत्र जारी कर दिया गया है। दोनों दलों ने युवाओं, महिलाओं और किसानों से कई लोकलुभावन वादे किए हैं। साथ ही शिक्षा, रोजगार समेत कई वादे भी किए गए हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मुकाबला केवल उम्मीदवारों का नहीं, बल्कि वादों और विज़न का भी है। सत्ता में बने रहने की कोशिश में एनडीए (NDA) और सत्ता वापसी की चाह में महागठबंधन (RJD-कांग्रेस-लेफ्ट) ने अपने-अपने घोषणापत्र जारी कर दिए हैं। दोनों गठबंधनों ने जनता को लुभाने के लिए बड़े-बड़े वादे किए हैं, जिनमें रोजगार, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, और उद्योग-धंधों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

महिला मतदाताओं पर दोनों गठबंधनों की नजर
दिलचस्प बात यह है कि दोनों गठबंधन महिला मतदाताओं को साधने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। एनडीए ने जहां महिला उद्यमिता और सुरक्षा योजनाओं पर ध्यान दिया है, वहीं महागठबंधन ने नकद सहायता और सम्मान भत्ता का वादा कर सीधा भावनात्मक जुड़ाव बनाने की कोशिश की है।
दोनों गठबंधनों ने फ्री बिजली का वादा किया
नीतीश सरकार हर परिवार को 125 यूनिट फ्री बिजली दे रही है तो वहीं, तेजस्वी यादव ने 200 यूनिट फ्री बिजली देने का प्रण लिया है। महिलाओं की बात करें तो नीतीश सरकार ने महिला रोजगार योजना की शुरुआत की और 1 करोड़ 21 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपए ट्रांसफर किए तो वहीं, तेजस्वी ने माई बहिन योजना के तहत हर महीने 2500 रुपए देने का वादा किया है।
विश्लेषण: वादों की जंग या जमीनी हकीकत?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दोनों घोषणापत्र “लोकलुभावन लेकिन चुनौतीपूर्ण” हैं। एनडीए का मॉडल प्रशासनिक अनुभव और विकास पर आधारित है, जबकि महागठबंधन का घोषणापत्र युवाओं और बेरोजगारी पर केंद्रित है।
हालांकि, सवाल यह है कि क्या राज्य की वित्तीय स्थिति इतनी मजबूत है कि इन वादों को जमीनी स्तर पर उतारा जा सके?
तेजस्वी के 10 ‘प्रण’

- हर घर सरकारी नौकरी
- 2000 एकड़ में एजुकेशनल सिटी
- 12 वीं तक के छात्रों को फ्री टैबलेट
- पुरानी पेंशन योजना (OPS) को लागू होगा
- संविदाकर्मियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा
- 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी
- जीविका दीदियों को पक्की नौकरी
- बिहार में 5 नए एक्सप्रेस-वे बनाएंगे
- माई बहिन योजना के तहत हर महीने 2500 रुपये महिलाओं को मिलेंगे।
- वृद्धा-विधवा पेंशन बढ़ाकर 1500 रुपये किया जाएगा।
एनडीए के घोषणा पत्र के प्रमुख वादे

- एक करोड़ सरकारी नौकरियां और रोजगार के अवसर
- युवाओं को वैश्विक उद्योगों के लिए प्रशिक्षित करने के लिए हर जिले में मेगा कौशल केंद्र
- खेल विकास के लिए स्पोर्ट्स सिटी और उत्कृष्टता केंद्र
- हर जिले में 10 नए औद्योगिक पार्क और कारखाने
- 100 एमएसएमई पार्क और 50,000 नए कुटीर उद्योग
- आईटी और तकनीकी क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए चिपसेट, सेमीकंडक्टर और विनिर्माण पार्क
- 22 लाख महिलाओं का समर्थन करने और 1 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने के लिए महिला रोजगार योजना
- महिला उद्यमियों के लिए मिशन करोड़पति
- किसान सम्मान निधि 6,000 रुपये से बढ़कर 9,000 रुपये सालाना होगी
- मछली किसानों की सहायता दोगुनी होकर 9,000 रुपये की जाएगी।
- सभी फसलों के लिए एमएसपी गारंटी प्री-इंफ्रास्ट्रक्चर में 9 लाख करोड़ रुपये का निवेश
- हर संभाग में अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए आवासीय विद्यालय
- उच्च शिक्षा में एससी/एसटी छात्रों के लिए 2,000 रुपये मासिक सहायता
- ईबीसी छात्रों के लिए 10 लाख रुपये तक की सहायता, गरीब बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा और फोर्टिफाइड मिड-डे मील
- 50 लाख नए घर, मुफ्त राशन और 125 यूनिट मुफ्त बिजली
- खास स्कूलों को अपग्रेड करने के लिए 5,000 करोड़
- 7 एक्सप्रेसवे और 3,600 km नए रेल ट्रैक
- हर जिले में मेडिकल सिटी और मेडिकल कॉलेज
- सीतामढ़ी को आध्यात्मिक विरासत वाले शहर के तौर पर डेवलप करना
- पटना, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट और चार नए शहरों में मेट्रो रेल।
Also Read :
वोटिंग से पहले बिहार में मर्डर, अनंत सिंह पर लगा हत्या का आरोप !