जिम मेंबरशिप लेंगे राहुल गांधी, मुलाकात रही खास !

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के आवास ‘10 जनपथ’ पर हुई इस मुलाकात में कांग्रेस नेता वैभव वालिया, दीपक के दोस्त विजय रावत और कुछ अन्य लोग मौजूद थे.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड में इंसानियत और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश करने वाले जिम संचालक दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ से सोमवार को मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने वादा किया कि वह दीपक के जिम की सदस्यता लेंगे। यह मुलाकात कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के आवास ‘10 जनपथ’ पर हुई, जहां दीपक कुमार के साथ कांग्रेस नेता वैभव वालिया, उनके मित्र विजय रावत और कुछ अन्य लोग भी मौजूद रहे।

जिम मेंबरशिप लेंगे राहुल गांधी, मुलाकात रही खास !
जिम मेंबरशिप लेंगे राहुल गांधी, मुलाकात रही खास !

राहुल गांधी ने इस अवसर पर न केवल दीपक कुमार से मुलाकात की, बल्कि उन्हें सोनिया गांधी से भी मिलवाया। इसके साथ ही उन्होंने दीपक की पत्नी से फोन पर बातचीत कर उनके साहस और मानवीय कदम की सराहना की। मुलाकात के बाद दीपक कुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया था। दीपक के अनुसार, “राहुल जी ने मुझसे कहा कि आपने जो किया, वह बहुत अच्छा काम है। उन्होंने वादा किया कि वह कोटद्वार आकर मेरे जिम की सदस्यता लेंगे।”

दीपक कुमार वही व्यक्ति हैं, जो उत्तराखंड के कोटद्वार में एक मुस्लिम दुकानदार की मदद करने के बाद देशभर में चर्चा में आए थे। दीपक ने सांप्रदायिक दबाव के खिलाफ खड़े होकर जिस साहस का परिचय दिया, उसने उन्हें ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से पहचान दिलाई। राहुल गांधी पहले ही सोशल मीडिया के जरिए दीपक को “भारत का हीरो” बता चुके हैं।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के संदेश की मिसाल

इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेता वैभव वालिया ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मूल संदेश ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलने का था, जिसे दीपक कुमार ने अपने आचरण से जमीन पर उतार कर दिखाया है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने देशभर में नफरत के खिलाफ मोहब्बत और इंसानियत का संदेश दिया। मोहम्मद दीपक ने उसी सोच को आगे बढ़ाया है। हम राहुल गांधी के आभारी हैं कि उन्होंने उत्तराखंड के एक ऐसे नौजवान को सम्मान दिया, जिसने इंसानियत के लिए जोखिम उठाया।”

26 जनवरी की घटना से बने ‘मोहम्मद दीपक’

26 जनवरी की घटना से बने ‘मोहम्मद दीपक’
26 जनवरी की घटना से बने ‘मोहम्मद दीपक’

गौरतलब है कि 26 जनवरी को उत्तराखंड के कोटद्वार में एक कपड़ों की दुकान ‘बाबा’ का नाम बदलने के लिए दबाव बनाए जाने की घटना सामने आई थी। इस दुकान के मालिक वकील अहमद थे। आरोप है कि इस दौरान बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता दुकान के बाहर इकट्ठा हो गए थे और नाम बदलने का दबाव बना रहे थे। माहौल तनावपूर्ण हो गया था।

इसी दौरान वकील अहमद के बेटे मोहम्मद शोएब के मित्र और 42 वर्षीय जिम संचालक दीपक कुमार वहां पहुंचे। दीपक ने खुलकर इस दबाव का विरोध किया और कार्यकर्ताओं को वहां से हटने के लिए मजबूर कर दिया। उनके इस कदम को स्थानीय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक व्यापक सराहना मिली। सोशल मीडिया पर भी लोग दीपक के साहस और सांप्रदायिक सौहार्द के समर्थन में सामने आए।

राहुल गांधी का समर्थन और संदेश

राहुल गांधी ने इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर दीपक कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें “भारत का हीरो” बताया था। अब व्यक्तिगत रूप से उनसे मिलकर और जिम की सदस्यता लेने का वादा कर राहुल गांधी ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि नफरत के खिलाफ खड़े होने वालों के साथ कांग्रेस मजबूती से खड़ी है।

‘मोहब्बत जीतेगी, नफरत हारेगी’

वैभव वालिया ने कहा कि कांग्रेस को उम्मीद है कि उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में मोहब्बत की जीत होगी और नफरत हार जाएगी। उन्होंने कहा कि दीपक जैसे लोग देश की असली ताकत हैं, जो कठिन समय में भी इंसानियत को सबसे ऊपर रखते हैं।

दीपक कुमार की इस मुलाकात और राहुल गांधी के समर्थन को केवल एक व्यक्तिगत सम्मान के रूप में नहीं, बल्कि मौजूदा सामाजिक-राजनीतिक माहौल में एक बड़े प्रतीकात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। यह संदेश साफ है—धर्म, नाम और पहचान से ऊपर इंसानियत है, और जो इसके लिए खड़ा होगा, वह अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

Also Read :

नमाज़ को लेकर विवाद, ‘जय श्री राम’ से गूंजा LU !