ऑफर पर पलटवार, BJP ने कसा अखिलेश पर तंज !

पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा जाति की राजनीति करती हैं. जनता उन्हें समझ चुकी हैं और जवाब जरूर देगी.

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा “सौ विधायक लाने” वाले बयान पर उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। अखिलेश यादव के इस ऑफर को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इस बयान को हताशा और निराशा का प्रतीक बताते हुए समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोला है।

ऑफर पर पलटवार, BJP ने कसा अखिलेश पर तंज !
ऑफर पर पलटवार, BJP ने कसा अखिलेश पर तंज !

पंकज चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव अपने दम पर सरकार बनाने की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि इस तरह के बयान यह दर्शाते हैं कि उन्हें जनता के समर्थन पर भरोसा नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो पार्टी खुद बहुमत का दावा नहीं कर पा रही, वह दूसरों को ऑफर देकर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा कि जनता सब देख और समझ रही है।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी सर्व समाज की पार्टी है और बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए काम करती है। बीजेपी सरकार ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है और “जंगलराज” को खत्म करने का काम किया है। पंकज चौधरी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी जिस तरह से जाति और धर्म के आधार पर राजनीति कर रही है, उससे जनता अब ऊब चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब जरूर देगी।

एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर अखिलेश यादव द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भी पंकज चौधरी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष कभी सड़क पर तो कभी संसद में इस मुद्दे को लेकर हंगामा करते हैं। उन्होंने आंकड़े गिनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब 2 करोड़ 88 लाख वोट कटे हैं, जिनमें सभी विधानसभा क्षेत्रों में 70 से 75 हजार वोट बीजेपी के भी शामिल हैं। ऐसे में इसे किसी एक पार्टी से जोड़कर देखना गलत है।

पंकज चौधरी ने स्पष्ट किया कि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी तरह से भारत निर्वाचन आयोग के दायरे में आती है और यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने के बजाय लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा रखना चाहिए।

शंकराचार्य विवाद को लेकर अखिलेश यादव के हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी के संगठन में सभी को साथ लेकर चलने की परंपरा है। साधु-संतों के प्रति पार्टी का हमेशा सम्मान रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि संगठन में कोई भी कार्यकर्ता साधु-संतों का विरोधी है। बीजेपी की विचारधारा सबको साथ लेकर चलने की है और प्रदेश में भी इसी सोच के साथ काम किया जा रहा है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता 365 दिन जनता की सेवा में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि भले ही चुनाव में अभी समय हो, लेकिन बीजेपी का हर कार्यकर्ता हमेशा तैयार रहता है। चुनावी रणनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अभी उस पर चर्चा का समय नहीं है, लेकिन इतना स्पष्ट है कि सरकार और संगठन के बीच किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है।

उन्होंने कहा कि जहां सरकार का काम होता है, वहां सरकार पूरी जिम्मेदारी से काम करती है और संगठन का दायित्व है कि सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाए और उन्हें जमीनी स्तर पर लागू कराया जाए। पंकज चौधरी ने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में बीजेपी एक बार फिर जनता का भरोसा जीतने में सफल होगी।

इस पूरे बयानबाज़ी से साफ है कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, यूपी की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज़ होने वाला है।

Also Read :

बसपा मुख्यालय में बड़ी बैठक मिशन-27 की रणनीति तय!