लखनऊ मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा ,बेटे ने रची पूरी प्लानिंग !

लखनऊ में पिता की हत्या कर शव को काटकर नीले ड्रम में छुपाने वाले बेटे को लेकर पड़ोसियों ने बड़ा खुलासा किया है। लोगों ने बताया कि पिता का हत्यारा बेटा अक्षत बहुत ही चालाक था। वह पहले भी घर से गहने और कैश लेकर फरार हो चुका था।


उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में सामने आए जघन्य हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में पिता की हत्या करने वाला कोई और नहीं, बल्कि उनका ही बेटा अक्षत निकला। पुलिस जांच और पड़ोसियों के बयानों से यह साफ हो गया है कि आरोपी बेटा बेहद शातिर और चालाक था, जिसने न सिर्फ अपने पिता की हत्या की, बल्कि शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में छिपाने के बाद खुद ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस और परिवार को गुमराह करने की कोशिश की।

लखनऊ मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा ,बेटे ने रची पूरी प्लानिंग !
लखनऊ मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा ,बेटे ने रची पूरी प्लानिंग !

पड़ोसियों के अनुसार, मृतक मानवेंद्र सिंह एक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और अपने बेटे अक्षत पर आंख मूंदकर भरोसा करते थे। पड़ोसी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अक्षत शुरू से ही काफी शार्प और चालाक किस्म का लड़का था। उन्होंने कहा कि कई बार मानवेंद्र सिंह को बेटे की गतिविधियों को लेकर आगाह भी किया गया था, लेकिन पिता ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। पड़ोसियों का कहना है कि अक्षत पहले भी एक बार घर से कैश और गहने लेकर फरार हो चुका था, जिसे पुलिस ने कानपुर से बरामद किया था। इसके बावजूद पिता ने बेटे को सुधारने का एक और मौका दिया।

मानवेंद्र सिंह के अचानक लापता होने पर मोहल्ले में चिंता का माहौल बन गया था। लोगों ने उनकी तलाश के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप तक बना लिया था, ताकि कोई भी सुराग मिल सके। किसी को इस बात का अंदाजा तक नहीं था कि जिस बेटे की तलाश में लोग जुटे हुए हैं, वही अपने पिता की हत्या कर चुका है और शव को नीले ड्रम में छिपा चुका है।

परिवार के रिश्तेदारों के लिए यह घटना किसी सदमे से कम नहीं है। मानवेंद्र सिंह के रिश्ते में मौसी के बेटे ने बताया कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि अक्षत ऐसा कर सकता है। उन्होंने कहा कि परिवार के पास किसी चीज की कोई कमी नहीं थी—धन-दौलत, सुख-सुविधाएं सब कुछ मौजूद था। ऐसे में हत्या जैसा खौफनाक कदम उठाने की क्या जरूरत थी, यह समझ से परे है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद अक्षत की बहन गहरे सदमे में है और बोलने की स्थिति में भी नहीं है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पिता और बेटे के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, घटना 20 फरवरी को हुई। पुलिस का कहना है कि मानवेंद्र सिंह अपने बेटे अक्षत पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी और परीक्षा देने का दबाव बना रहे थे, जबकि अक्षत इसके लिए इच्छुक नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक रूप ले बैठा।

लखनऊ के सेंट्रल पुलिस उपायुक्त विक्रांत वीर ने बताया कि आरोपी अक्षत 21 वर्ष का है और बी.कॉम का छात्र है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान अक्षत ने पिता की हत्या कर दी और फिर सबूत छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में डाल दिया। इसके बाद उसने खुद ही थाने जाकर पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, ताकि किसी को शक न हो।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read :

नमाज़ को लेकर विवाद, ‘जय श्री राम’ से गूंजा LU !