ऊँचाहार में विकास पर सवाल ,अतुल सिंह ने उठाई आवाज !

ऊँचाहार में सड़क-पानी-बिजली का अभाव ,विकास के दावे खोखले: अतुल सिंह

नरेंद्र त्रिपाठी रायबरेली

रायबरेली जिले की ऊंचाहार विधानसभा में जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर सत्तारूढ़ दल पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं ऊंचाहार से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अतुल सिंह ने बरारा खोदायपुर, माधवपुर, रमन का पुरवा, पहलवान का पुरवा, बांसी सहित कई गांवों में चौपाल और जनसंपर्क कार्यक्रम कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज को वह लगातार मजबूती के साथ उठाते रहेंगे और समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास करेंगे।

ऊँचाहार में विकास पर सवाल ,अतुल सिंह ने उठाई आवाज !
ऊँचाहार में विकास पर सवाल ,अतुल सिंह ने उठाई आवाज !

जनचौपाल को संबोधित करते हुए अतुल सिंह ने कहा कि ऊंचाहार विधानसभा की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी समस्याएं वर्षों से जस की तस बनी हुई हैं, लेकिन क्षेत्रीय विधायक को जनता की परेशानियों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि विकास के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है।

ऊँचाहार में विकास पर सवाल ,अतुल सिंह ने उठाई आवाज !
ऊँचाहार में विकास पर सवाल ,अतुल सिंह ने उठाई आवाज !

अतुल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में विधवा, वृद्धा और दिव्यांग पेंशन का हाल बेहद खराब है। पात्र लोगों को महीनों तक पेंशन नहीं मिल पा रही है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं कागजों तक सीमित रह गई हैं और जिनके लिए योजनाएं बनाई गई थीं, वे लोग लाभ से वंचित हैं।

किसानों की समस्याओं को लेकर भी कांग्रेस नेता ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं की समस्या से किसान बेहद परेशान हैं। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। अतुल सिंह ने कहा कि किसान पहले से ही महंगाई और लागत से जूझ रहा है, ऊपर से फसलों का इस तरह नष्ट होना उसकी कमर तोड़ रहा है।

जनसंपर्क के दौरान अतुल सिंह ने बिजली बिलों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिजली के बढ़ते बिलों से आम जनता त्रस्त है। एक बल्ब और एक पंखा चलाने वाले गरीब व्यक्ति के घर का बिजली बिल 25 से 30 हजार रुपये तक आ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी रकम आम आदमी कहां से भरेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल न भर पाने की स्थिति में लोगों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जो सरासर अन्याय है। अतुल सिंह ने भरोसा दिलाया कि वह इस मुद्दे को लेकर अधिकारियों से बातचीत करेंगे और जनता को राहत दिलाने का प्रयास करेंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा कि वह लगातार ऊंचाहार विधानसभा के गांव-गांव जाकर लोगों से मिल रहे हैं और उन्हें जनता का भरपूर समर्थन और प्यार मिल रहा है। उन्होंने कहा, “ऊंचाहार मेरा परिवार है और मैं हमेशा आप सबके सुख-दुख में इसी तरह खड़ा रहूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

इस मौके पर अतुल सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार लोकसभा में आम जनता की समस्याओं को उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार मनरेगा जैसी गरीबों की रोजगार योजना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस पार्टी इसे बचाने के लिए जनआंदोलन के माध्यम से संघर्ष कर रही है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विनोद सिंह, जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, प्रधान राम शंकर यादव, रमेश कुमार निर्मल, सुरेंद्र सिंह उर्फ नन्हे भैया, नईमुद्दीन, रमेश पटेल, देवेंद्र यादव, सुशील त्रिवेदी, शिवकेश शुक्ला, वीरेंद्र सिंह, बब्बू जायसवाल, गोलू अग्रहरि, अभय सिंह, दुर्गा प्रसाद द्विवेदी, पवन मौर्य, अवधेश मौर्य, मोहनलाल गौतम, बबलू शुक्ला, अशोक सिंह, लक्ष्मी निर्मल, शिवमंगल सोनी, शिव बहादुर सरोज, राम शंकर शर्मा, सुरेश कोरी, जैकी सिंह, प्रमोद पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जनचौपाल के जरिए कांग्रेस ने ऊंचाहार विधानसभा में अपनी सक्रियता और जनसंपर्क को और मजबूत करने का संकेत दिया है। अब देखना होगा कि इन मुद्दों को लेकर सरकार और प्रशासन किस तरह का रुख अपनाता है।

Also Read :

लखनऊ मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा ,बेटे ने रची पूरी प्लानिंग !