भारत बनाम जिम्बाब्वे मुकाबला आज चेन्नई में खेला जाना है। मैच शाम को सात बजे होगा, इससे पहले साढ़े छह बजे प्लेइंग इलवेन का ऐलान किया जाएगा। इससे पहले जान लीजिए कि टीम इंडिया आज किस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच आज टी20 विश्व कप 2026 का बेहद अहम सुपर-8 मुकाबला खेला जाना है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में यह मैच शाम सात बजे से शुरू होगा। सुपर-8 में अपना पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका से हार चुकी भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अब यह मैच करो या मरो की स्थिति वाला है। जीत से आगे की राह खुलेगी, जबकि हार टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा सकती है।

ऐसे में पूरी उम्मीद है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में टीम इंडिया बदली हुई प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान में उतरेगी। कम से कम दो बदलाव लगभग तय माने जा रहे हैं, हालांकि अंतिम फैसला कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम मैनेजमेंट टॉस से ठीक पहले लेगा।
सुपर-8 में दबाव, सुधार पर फोकस
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले मुकाबले में भारतीय टीम से कुछ अहम चूक हुई थीं, खासकर बल्लेबाजी क्रम और मिडिल ओवर्स में संतुलन को लेकर। आज के मैच में टीम का फोकस उन्हीं कमियों को दूर करने पर होगा। जिम्बाब्वे के खिलाफ कागजों पर भारत मजबूत दिखता है, लेकिन सुपर-8 जैसे बड़े मंच पर किसी भी तरह की ढिलाई भारी पड़ सकती है।
संजू सैमसन की वापसी लगभग तय

टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन की बात करें तो सबसे बड़ा बदलाव विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन की वापसी को लेकर माना जा रहा है। संभावना है कि वे अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करते नजर आएं। इससे टॉप ऑर्डर में आक्रामकता बढ़ेगी और टीम को तेज शुरुआत मिल सकती है।
तीसरे नंबर पर ईशान किशन को भेजे जाने की भी चर्चा है। ईशान इस पोजिशन पर पहले भी सफल रहे हैं और इससे टॉप-3 में बाएं-दाएं हाथ के बल्लेबाजों का कॉम्बिनेशन बन जाएगा, जो जिम्बाब्वे के गेंदबाजों के लिए रणनीति बनाना मुश्किल कर सकता है।
रिंकू सिंह को बाहर बैठना पड़ सकता है

अगर संजू सैमसन की वापसी होती है, तो रिंकू सिंह को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ सकता है। मौजूदा टूर्नामेंट में रिंकू की भूमिका सीमित रही है और वे टीम के लिए बड़ा प्रभाव छोड़ने में सफल नहीं हो पाए हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट अधिक लचीले और आक्रामक बल्लेबाजी विकल्प के तौर पर संजू को तरजीह दे सकता है।
सुंदर बाहर, अक्षर की एंट्री संभव
दूसरा अहम बदलाव ऑलराउंडर विभाग में देखने को मिल सकता है। वॉशिंगटन सुंदर की जगह अक्षर पटेल को मौका दिया जा सकता है। अक्षर उपकप्तान होने के बावजूद पिछले दो मैचों में बाहर बैठे हैं, जबकि इससे पहले वे तीन मैचों में छह विकेट ले चुके थे। सुंदर को अब तक दो मैचों में कोई खास सफलता नहीं मिली है, ऐसे में संतुलन के लिहाज से अक्षर की वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
टॉस पर होगा अंतिम फैसला
टीम इंडिया में इसके अलावा किसी बड़े बदलाव की संभावना कम है। हालांकि अंतिम तस्वीर साढ़े छह बजे साफ होगी, जब कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगे।
भारत की संभावित प्लेइंग XI
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
अब देखना दिलचस्प होगा कि बदली हुई यह टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ दबाव में कैसा प्रदर्शन करती है और क्या भारत सुपर-8 की इस कठिन चुनौती को पार कर पाता है या नहीं।
Also Read :
IND vs ZIM: प्लेइंग इलेवन में फेरबदल तय? भारत की नजर जीत पर !