दिल्ली में रेखा गुप्ता बीजेपी की नई मुख्यमंत्री होंगी। शालीमार बाग से विधायक चुनी गई रेखा गुप्ता 27 साल बाद बीजेपी के सत्ता में आने पर इस पद को संभालेंगी। रेखा का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी से पुराना नाता है।
दिल्ली में 27 सालों के बाद सत्ता में वापसी करने के बाद आज (20 फरवरी) बीजेपी की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हुआ ,दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद दिन बाद नए मुख्यमंत्री का इतजार खत्म हो गया है. रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली की सीएम के रूप में शपथ ले ली. इस दौरान रेखा गुप्ता भगवा साड़ी में नजर आईं. वह दिल्ली की चौथी महिला सीएम बन गई हैं. उनसे पहले आतिशी, शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज दिल्ली की महिला सीएम रही हैं. रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक हैं. उन्होंने तीन बार की आम आदमी पार्टी विधायक रहीं बंदना कुमारी को बड़े अंतर से हराया है.

शपथ ग्रहण का कार्यक्रम दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित किया गया ,कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय कैबिनेट सदस्य, बीजेपी शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम, सांसद और एनडीए के घटक दलों के नेता मौजूद हैं. वहीं, अन्य गणमान्य हस्तियों समेत कार्यक्रम में 50 हजार नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.
हरियाणा के जींद से कनेक्शन
हरियाणा के जींद की मूल निवासी गुप्ता छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रही हैं। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता ने मेरठ से कानून की पढ़ाई की है। उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी से पुराना नाता रहा है। उत्तरी दिल्ली की मेयर रह चुकी गुप्ता के पास प्रशासनिक अनुभव है। वह बीजेपी की महिला मोर्चा की प्रभावशाली नेता रही हैं। वह वर्तमान में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य हैं। रेखा गुप्ता ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में कदम रखा। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ी रहीं। 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष बनीं। साल 2007 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुने जाने के बाद, उन्होंने क्षेत्र में पुस्तकालय, पार्क और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाओं के विकास पर काम किया।
29 हजार वोटों से मिली थी जीत
रेखा गुप्ता ने इस बार हुए विधानसभा चुनाव में 29 हजार 595 वोट से जीत हासिल की थी। रेखा गुप्ता को 68 हजार 200 मिले थे। उन्होंने आम आदमी पार्टी की महिला उम्मीदवार बंदना कुमारी को हराया था। यहां से कांग्रेस उम्मीदवार प्रवीण कुमार जैन तीसरे स्थान पर रहे थे। 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में, आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को ही इस सीट से जीत मिली थी। इससे पहले भी 2015 में बंदना कुमारी ने ही इसी सीट पर जीत दर्ज की थी। रेखा गुप्ता एबीवीपी से जुड़ी रही हैं। उन्होंने डीयू छात्र संघ चुनाव में महासचिव पद पर जीत हासिल की थी।