अयोध्या: राममंदिर में दर्शन और आरती का समय बदला

अयोध्या। राममंदिर में दर्शन अवधि 33 दिनों बाद सामान्य हुई। सोमवार से रामलला के दर्शन व आरती के समय में बदलाव कर दिया गया। रामलला की मंगला आरती चार बजे हुई। इसके बाद सुबह छह बजे श्रृंगार आरती उतारी गई। 6:30 बजे मंदिर दर्शन के लिए खोल दिया गया। इसके बाद 11:50 तक निरंतर दर्शन हुए। 11:50 से 12 बजे तक रामलला को राजभोग अर्पित किया गया। 12 बजे भोग आरती संपन्न की गई। 12 से 12:30 बजे तक फिर दर्शन हुए। दरअसल पिछले कुछ दिनों से भीड़ के चलते व्यवस्था बदलनी पड़ी थी। अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन मिल जाए इसलिए मंदिर सुबह पांच बजे से रात 12 बजे तक खोला जा रहा था। भीड़ नियंत्रण के लिए निकासी का नया मार्ग खोलना पड़ा। अब भीड़ सामान्य हो गई है।

महाकुंभ की वजह से बदली थी समय सारिणी

ट्रस्ट ने बताया कि भक्तों को रात 9:45 बजे तक दर्शन करने की अनुमति होगी और रात 10 बजे शयन आरती के बाद मंदिर अगली सुबह तक के लिए बंद हो जाएगा। गौरतलब है कि महाकुंभ की वजह से अयोध्‍या में भक्‍तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इसकी वजह से राम मंदिर के दर्शन समय में परिवर्तन किया गया था।