रोहित शर्मा ने सबसे अधिक छक्के लगाकर, क्रिस गेल का रिकॉर्ड किया ध्वस्त

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दुबई में खेले गए इस मुकाबले में हिटमैन रोहित शर्मा ने जैसे ही एक सिक्स लगाया, वे क्रिस गेल से आगे निकल गए। ये कीर्तिमान रोहित शर्मा ने उस वक्त बनाया, जब टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया की ओर से दिए गए 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए मैदान में उतरी। ICC ODI इवेंट में अब रोहित शर्मा सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अभी तक इस कुर्सी पर वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल का कब्जा था, लेकिन रोहित उनसे आगे निकल गए हैं। जब ICC ODI इवेंट की बात होती है तो उसमें ODI वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी को शामिल किया जाता है, क्योंकि दोनों ही टूर्नामेंट 50 ओवर के होते हैं। रोहित शर्मा ने अब ICC ODI इवेंट में 65 सिक्स पूरे कर लिए हैं। वहीं क्रिस गेल 64 सिक्स के साथ दूसरे नंबर पर कब्जा बनाए हुए हैं।

स्टीव स्मिथ की कप्तानी पारी

वहीं रोहित के विरोधी कप्तान स्टीव स्मिथ ने शानदार पारी खेली। स्मिथ ने इस मैच में अर्धशतक जमाया। स्मिथ के बल्ले से 96 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 73 रन निकले। उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने भी अर्धशतक जमाया। उन्होंने 57 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से 61 रनों की पारी खेली।