संसद के बजट सत्र के दूसरे हिस्से में विपक्ष ने चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों पर चर्चा की मांग की है। इसके अलावा कई अन्य मुद्दों को लेकर भी बजट सत्र में हंगामा देखने को मिल रहा है।
संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का आज तीसरा दिन है. इस दौरान गौरव गोगोई ने लोकसभा में अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया, तो वहीं ओला और उबर जैसी राइड-हेलिंग ऐप पर अलग-अलग किराया वसूलने का मुद्दा भी उठा. वहीं झरिया में जमीन के नीचे सालों से धधक रही आग को बुझाने के लिए सरकार की योजना को लेकर भी सवाल किया गया.
लोकसभा और राज्यसभा में पहले दो दिनों की कार्यवाही के दौरान खूब हंगामा देखने को मिला. वहीं बुधवार को भी सदन में विपक्ष और सत्ताधारी बीजेपी के बीच तीखी नोकझोंक जारी रहने की संभावना है.
संसद के दोनों सदनों में बुधवार को कामकाज की सूची जारी की गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए विधेयक पेश करेंगे, जबकि राज्यसभा में रेल मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा होगी. अमित शाह ग्रामीण प्रबंधन संस्थान आनंद को एक विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित करने के लिए विधेयक पेश करेंगे, जिसे ‘त्रिभुवन’ सहकारी विश्वविद्यालय के रूप में जाना जाएगा. इसे राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित किया जाएगा.
वहीं राज्यसभा में रेलवे मंत्रालय के कार्यों पर चर्चा का कार्यक्रम बताया गया है. बुधवार को संसद ने रेलवे (संशोधन) बिल 2024 को पारित किया, जिसे राज्यसभा ने मंजूरी दी. यह विधेयक रेलवे अधिनियम 1989 में संशोधन करने का प्रयास करता है, जिसका उद्देश्य रेलवे बोर्ड की शक्तियों को बढ़ाना और इस संस्था की कार्यकुशलता और स्वतंत्रता को बढ़ावा देना है. लोकसभा ने पिछले साल ही इस रेलवे (संशोधन) विधेयक 2024 को अपनी मंजूरी दे दी थी.
‘हिंदी को बहुत पहले राष्ट्रीय भाषा के रूप में अपनाया गया था’ – केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम
नई शिक्षा नीति (NEP) में तीन-भाषा नीति को लेकर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा, ‘हिंदी को बहुत पहले राष्ट्रीय भाषा के रूप में अपनाया गया था, जब कांग्रेस सरकार सत्ता में थी.’ उन्होंने यह भी कहा कि सभी भाषाओं को सरकार द्वारा मान्यता दी गई है और यह पूरी तरह से व्यक्तिगत पसंद का मामला है कि कोई कौन सी भाषा पढ़े, बोले या कामकाज के लिए इस्तेमाल करे. मंत्री ने विपक्ष पर राजनीतिक मकसद से नई शिक्षा नीति (NEP) का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘विपक्ष केवल राजनीति के लिए इसका विरोध कर रहा है.’
लोकसभा में उठा अदाणी प्रोजेक्ट पर सवाल, कांग्रेस ने किया वॉकआउट
लोकसभा में पवन ऊर्जा परियोजना को लेकर जमकर हंगामा हुआ और कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने सदन से वॉकआउट कर दिया. दरअसल, कांग्रेस सांसदों ने पाकिस्तान सीमा के पास एक पवन ऊर्जा परियोजना को लेकर सवाल उठाया था. इस पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने जवाब दिया, लेकिन विपक्ष ने इसे अधूरा और भटकाने वाला करार दिया. विपक्षी सांसदों का आरोप था कि सरकार अदाणी समूह के प्रभाव में काम कर रही है और इस परियोजना से जुड़े अहम सवालों के जवाब नहीं दे रही है. इसके विरोध में कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने लोकसभा से वॉकआउट कर दिया.