देश की राजधानी दिल्ली और आस-पास के कई राज्यों में इन दिनों बारिश हो रही है। बारिश की वजह से यहां तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में आज भी बारिश का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में रविवार को आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका जताई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राजधानी में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. आईएमडी ने इसके लिए ‘येलो’ अलर्ट भी जारी किया है,
जो सावधान रहने का संकेत है. इस बीच, शिमला स्थित मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर रविवार तक ओलावृष्टि को लेकर ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है जबकि राज्य में शिमला और इसके आसपास के जुब्बड़हट्टी क्षेत्र में शुक्रवार को ओलावृष्टि हुई तथा कई अन्य स्थानों पर भारी बारिश हुई.

दिल्ली में गरज के साथ बारिश
बता दें कि साल 1901 के बाद दिल्ली में मई महीने में 24 घंटे के अंदर दूसरी सबसे अधिक बारिश हुई है। इसके एक दिन बाद अब मौसम विभाग ने दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। राजधानी दिल्ली में लोगों को इस दौरान काफी सचेत रहने और घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार को गरज के साथ छीटें पड़ने तथा बारिश का पूर्वानुमान जताया है। बता दें कि बीते दिनों दिल्ली में एक मकान पर पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हो गई थी। वहीं दिल्ली में बारिश के बाद से जगह-जगह जलभराव देखने को मिला था। फिलहाल सरकार ने इसे लेकर कड़े निर्देश दिए हैं।
यूपी में आंधी के साथ बारिश

उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां रविवार को कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को पूरे यूपी के ज्यादातर जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, आगरा, मथुरा, झांसी, अलीगढ़, मेरठ, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, कानपुर, मुजफ्फरनगर, कन्नौज, इटावा, मैनपुरी, रायबरेली, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बस्ती, बलरामपुर, गोरखपुर, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर,बाराबंकी, अयोध्या, गाजीपुर, बलिया, मऊ, सोनभद्र, आजमगढ़, प्रतापगढ़, प्रयागराज, महराजगंज, कुशीनगर और आसपास के जिलों में बारिश हो सकती है।
बिहार के 23 जिलों में अलर्ट

बिहार में भी बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बिहार के 23 जिलों में बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चलने के आसार जताए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक पटना सहित 23 जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही वज्रपात और मेघ गर्जन की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 23 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। बिहार के कई इलाकों में 7 मई तक तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है।
हिमाचल के लिए अलर्ट जारी

इस बीच, मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर, शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों में नौ मई तक आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है और इसके लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है.
राजस्थान में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना
राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत अनेक इलाकों में शनिवार शाम तेज आंधी आई और उसके बाद हल्की बारिश हुई, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. झुंझुनू और इसके आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि हुई, जबकि कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश होने की जानकारी है.
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई भागों में मेघगर्जन के साथ आंधी बारिश आगामी एक सप्ताह के दौरान जारी रहने की संभावना है जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट होगी तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत रहेगी.
बारिश के बाद पारे का हाल
मौसम विभाग के तापमान पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद चार दिनों में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं, पश्चिमी भारत में अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहेगा. फिर अगले चार दिनों में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी. बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है.
Also Read :
“धूप में जाना है ज़रूरी? इन सुपरफूड्स से करें खुद को लू-प्रूफ!”