ऑपरेशन सिंदूर में मिली सफलता के बाद भाजपा द्वारा देशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। लखनऊ में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद सेना के शौर्य को सलामी देने के लिए बुधवार को अपने सरकारी आवास से भारत शौर्य तिरंगा यात्रा को रवाना किया। इस दौरान सीएम योगी ने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जवानों, पूर्व सैनिकों, नौजवानों का अभिनंदन किया। सीएम ने कहा कि पूरा देश भारतीय सेना के शौर्य व पराक्रम को सैल्यूट करते हुए बहादुर जवानों का अभिनंदन करने के लिए उतावला दिखाई दे रहा है।
इस दौरान सीएम योगी ने पाकिस्तान पर जमकर हमला किया। इस माहौल में जवानों के कारण भारत ने पाकिस्तान के हौसले पस्त किए। दुनिया ने पाकिस्तान व उसके आकाओं के बेशर्मी भरे उस चेहरे को भी देखा, जिसमें आतंकियों के जनाजे में वहां के नेता व सैन्य अधिकारी भी शामिल हुए। यह चीजें दिखाती हैं कि पाकिस्तान विफल राष्ट्र है और 70-75 वर्षों में उसने केवल आतंकवाद के बीज बोए हैं। पाकिस्तान ने अपनी विफलता की कहानी ही दुनिया को बताई है।

साथ ही सीएम योगी ने कहा की आतंकवाद एक दिन पाकिस्तान को भी निगल देगा। खोखला हो चुका पाकिस्तान आज जिस प्रकार का दुस्साहस कर रहा है, ऑपरेशन सिंदूर उसका जवाब था। आने वाले समय में यह तय है कि भारत की तरफ जो भी अंगुली उठाएगा और बहन-बेटियों के सम्मान के विरुद्ध सुरक्षा में सेंध लगाने का कार्य करेगा, उसके जनाजे में कोई रोने वाला भी नहीं मिलेगा।
सीएम योगी ने निकाली तिरंगा यात्रा

ऑपरेशन सिंदूर में मिली सफलता के बाद अब देश के अलग-अलग राज्यों में भाजपा तिरंगा यात्रा निकाल रही है। इसी कड़ी में सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। बता दें कि यह तिरंगा यात्रा सीएम आवास, पांच कालीदास मार्ग से शुरू होकर 1090 चौराहे तक जाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘पूरा देश भारत की सेना के शौर्य और पराक्रम को सैल्यूट करते हुए अपने बहादुर जवानों का अभिनंदन करने के लिए उतावला दिखाई दे रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए हम सब प्रदेशवासियों की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी का दिल से अभिनंदन करते हैं। पहलगाम में पर्यटकों की इस प्रकार की विभत्स और बर्बर घटना को पाकिस्तान परस्त आतंकवादियों ने अंजाम दिया था। पूरा देश और पूरी दुनिया ने उसकी निंदा की। आतंकवाद का प्रोडक्ट पाकिस्तान और उसके आका इस पूरी घटना में मौन बने रहे।’
2000 फीट लंबे तिरंगे का प्रदर्शन
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी तिरंगा यात्रा में मौजूद रहे। देशभक्ति के जयघोष के बीच बच्चों ने 2000 फीट लंबा तिरंगा का प्रदर्शन किया।
आतंकवाद पर सीएम योगी का प्रहार
सीएम योगी ने कहा, ‘भारत की आन, बान, शान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हमारी सरकार ने जब ये सारे के सारे प्रमाण देने के बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो अंतत: ऑपरेशन सिंदूर का एक अभियान चलाया गया। आपने देखा होगा कि पहले दिन ही 100 से अधिक आतंकवादियों को मार दिया गया। पूरी दुनिया ने ये देखा है।
भारत के जवानों के पराक्रम और शौर्य का लोहा भी माना है। पाकिस्तान द्वारा की गई हिमाकत का जिस मजबूती के साथ भारत के जवानों ने चाहे वो हमारी थल सेना, वायु सेना या नेवी रही हो, सभी ने मजबूती के साथ मुकाबला किया है। इसी के सम्मान में आज पूरे देश के अंदर भारतीय जनता पार्टी के द्वारा तिरंगा यात्रा प्रारंभ की गई है।’
देशभर में भाजपा निकाल रही तिरंगा यात्रा
बता दें कि तिरंगा यात्रा की शुरुआत मंगलवार को दिल्ली से की गई। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हजारों लोग हाथों में तिरंगा लिए जमा हुए। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार के सारे मंत्री, विधायकों के अलावा भाजपा के कई सीनियर नेता इस यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में बुजुर्ग, महिलाओं, एनसीसी कैडेट्स और छोटे बच्चों ने भी हिस्सा लिया।
वहीं हरियाणा के पंचकूला में भी पूरे जोश के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। सीएम नायब सिंह सैनी ने तिरंगा यात्रा को लीड किया। अहमदाबाद की सड़कों पर भी देशभक्ति की गूंज सुनाई दी और सीएम भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
Also Read :
भारत-पाकिस्तान सीमा का दौरा करेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह !