दिल्ली सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए नई नीति ला रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर सब्सिडी देगी। वायु प्रदूषण से निपटने के लिए 1000 वाटर स्प्रिंकलर किराये पर लिए जा रहे हैं।
देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का खतरा लगातार बना हुआ है। यहां की एयर क्वालिटी को लेकर हर साल सवाल खड़े किए जाते हैं। पिछले कई सालों से दिल्ली इस समस्या से जूझ रही है। इससे छुटकारा पाने के लिए लगातार कोशिशें कर रही हैं, इसके बावजूद लोगों को वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिल पा रही। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि दिल्ली सरकार अपनी नई नीति में दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने को बढ़ावा देने के लिए लोगों को सब्सिडी प्रदान करेगी!

वाटर स्प्रिंकलर किराए पर लेगी सरकार
सीएम गुप्ता ने यह भी कहा कि वायु प्रदूषण एक साल भर चलने वाली समस्या है, जिसके लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता है, जिसके लिए उनकी सरकार 1000 वाटर स्प्रिंकलर किराए पर ले रही है, जिनका उपयोग पूरे साल सड़कों पर धूल से निपटने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यातायात को देखते हुए ये स्प्रिंकलर सुबह जल्दी और देर रात को काम करेंगे ताकि सड़कों पर भीड़भाड़ न हो।
इसके अलावा, सरकार दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में एकीकृत मशीनें भी तैनात कर रही है, जो सड़कों की यांत्रिक सफाई, पानी का छिड़काव और कूड़ा संग्रह का काम करेंगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से बायोमास जलाने, हरित क्षेत्र का विस्तार करने और ईवी अपनाने की सरकार की पहलों में योगदान देकर स्वच्छ हरित दिल्ली सुनिश्चित करने के मिशन में शामिल होने का आग्रह किया।
इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने की अपील की
उन्होंने कहा कि हम लोगों से इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने का आग्रह करेंगे, जिसके लिए उन्हें सब्सिडी दी जाएगी। गुप्ता ने कहा कि वायु प्रदूषण एक ऐसी समस्या है जो साल भर चलती है और इसके लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता है। इसके लिए उनकी सरकार 1000 वाटर स्प्रिंकलर किराये पर ले रही है, जिनका उपयोग पूरे साल सड़कों पर धूल से निपटने के लिए किया जाएगा।
किसे मिलेगी सब्सिडी?
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “आज एरोनॉमिक्स 2025 सम्मेलन के समापन समारोह में दिल्ली में वायु प्रदूषण कम करने के लिए हमारी सरकार के व्यापक प्रयास और भविष्य की योजना साझा की। हमारी नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत, दिल्ली में निजी और सार्वजनिक वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों में परिवर्तित करने के लिए नागरिकों को आकर्षक सब्सिडी दी जाएगी।
इससे न केवल वायु प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। यह पहल दिल्लीवासियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुविधाजनक परिवहन सुनिश्चित करेगी और शहर को पर्यावरण के लिहाज से भी एक मॉडल के रूप में स्थापित करेगी।”
AQAF फेस 2 को किया लॉन्च
शिखर सम्मेलन ने पेटीएम फाउंडेशन और यूएनईपी द्वारा संयुक्त रूप से घोषित एयर क्वालिटी एक्शन फोरम (AQAF) के चरण 2 को भी लॉन्च किया।
दिल्ली में भाजपा के 100 दिन पूरे

बता दें कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को 100 दिन पूरे हो गए हैं। ऐसे में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पार्टी के कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर 100 दिनों किए गए काम के बारे में जानकारी दे रहे हैं। दिल्ली में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इस कार्यक्रम में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी सरकार ने 100 दिन दिल्ली की बेहतरी के लिए नीतियां बनाने और काम करने में बिताए हैं।’’
Also Read :
दिल्ली पुलिस में बड़ा फेरबदल, 24 IPS और 14 DANIPS अधिकारियों का तबादला !