इंग्लैंड दौरे के बाद फिर आध्यात्मिक यात्रा पर निकले विराट-अनुष्का, नंगे पैर पहुंचे वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम…

भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर अपनी आध्यात्मिक आस्था को लेकर चर्चा में हैं। इंग्लैंड दौरे के बाद दोनों बुधवार को वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के राधा केली कुंज आश्रम में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान विराट और अनुष्का नंगे पैर आश्रम तक जाते हुए दिखाई दिए।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दोनों बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आए। विराट और अनुष्का ने साधारण कपड़े पहन रखे थे और चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था। सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों ने आश्रम पहुंचकर प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया।

बता दें कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा इससे पहले भी कई बार वृंदावन आ चुके हैं। दोनों समय-समय पर प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर आध्यात्मिक मार्गदर्शन लेते रहे हैं। उनकी यह यात्रा भी श्रद्धा और आध्यात्मिक जुड़ाव का प्रतीक मानी जा रही है|