अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को आज उसका पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO मिल सकता है। बुधवार, 2 सितंबर को ट्रस्ट की अहम बैठक में CEO के नाम पर अंतिम फैसला होने की संभावना है। इस नियुक्ति को राम मंदिर के प्रशासनिक ढांचे के लिहाज से एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
रिपोर्टों के मुताबिक, CEO पद के लिए चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पहले 6 संभावित नामों की सूची तैयार की गई थी। इनमें से चयन समिति ने योग्य उम्मीदवारों पर विचार करते हुए अंतिम चरण के लिए नाम ट्रस्ट को सौंपे हैं। सूत्रों के अनुसार पूर्व IAS अधिकारी दिनेश चंद्र और योगेश्वर राम मिश्र समेत अन्य नामों पर चर्चा है।
5585 आवेदन, 16 उम्मीदवारों से विस्तृत बातचीत…
ट्रस्ट की ओर से CEO पद के लिए बड़े स्तर पर आवेदन आमंत्रित किए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार कुल 5585 आवेदन प्राप्त हुए। स्क्रीनिंग के बाद 16 उम्मीदवारों के साथ विस्तृत बातचीत की गई और चयन समिति ने अंतिम उम्मीदवारों की सूची ट्रस्ट के सामने रखी। अब CEO के नाम पर अंतिम निर्णय ट्रस्ट को लेना है।
बैठक में कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा..
अयोध्या के मणिरामदास छावनी में हो रही बैठक में केवल CEO की नियुक्ति ही नहीं, बल्कि ट्रस्ट के अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक और वित्तीय मुद्दों पर भी चर्चा की जा रही है। बैठक के एजेंडे में ट्रस्ट की नियमावली, नए सदस्यों के चयन, वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय और अन्य प्रशासनिक विषय शामिल हैं।
रेस में 6 नाम, तीन प्रमुख उम्मीदवारों पर नजर..
ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, CEO पद के लिए लिस्ट A और लिस्ट B के रूप में कुल छह नामों पर विचार किया गया है। धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास के अनुसार, प्रमुख नामों में योगेश्वर राम मिश्र और राजेश पांडेय शामिल हैं, जबकि अन्य नामों पर भी अंतिम फैसला बैठक के बाद स्पष्ट होगा।
सपा की पहली प्रतिक्रिया..
CEO की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। फैजाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि बीजेपी की सरकार अयोध्या से बनी और अयोध्या से ही उसका सफाया होगा। वहीं बीजेपी की ओर से इसे ट्रस्ट का आंतरिक विषय बताते हुए नए CEO की नियुक्ति को महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।
अब सबकी निगाहें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक पर टिकी हैं। क्या आज राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी, इसका जवाब जल्द सामने आने की उम्मीद है।