प्रत्येक जनपद में एक आदर्श गोशाला स्थापित की जाए और उसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए ;धर्मपाल सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस दीपावली पर गाय के गोबर से बने दीयों, मूर्तियों और अन्य उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए और साथ ही दीपावली को पर्यावरण-संवेदनशील और स्वदेशी स्वरूप देने के लिए इन उत्पादों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने विधान भवन स्थित कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर यह दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी गोशालाओं में व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जाएं ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। इसके लिए गोबर और गोमूत्र से निर्मित उत्पादों का उत्पादन और विपणन बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर गाय के गोबर से बने दीप, मूर्तियां, सजावटी सामग्री और अन्य उपयोगी वस्तुएं तैयार करने वाले समूहों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही बाजारों में इन उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि आम जनता इन देसी वस्तुओं को आसानी से खरीद सके।
मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि गौ-जन्य उत्पादों के निर्माण और विपणन में महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें इस कार्य से जोड़ा जाए ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके और गोशालाओं की आमदनी में वृद्धि हो।
धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक जनपद में एक आदर्श गोशाला स्थापित की जाए, जिसे बाद में पर्यटन स्थल (काऊ टूरिज्म) के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ-पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बल मिलेगा बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि गोशालाओं में गायों के पोषण, चिकित्सा और सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही वहां स्वच्छता, जल व्यवस्था और गोबर से खाद व जैविक उत्पाद बनाने के लिए आवश्यक संसाधन विकसित किए जाएं।
सरकार का मानना है कि अगर गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया और गौ-जन्य उत्पादों को बढ़ावा दिया गया, तो इससे ग्राम्य अर्थव्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण — तीनों को एक साथ बढ़ावा मिलेगा।
Also Read :
दिवाली पर सीएम योगी का सख्त निर्देश — खुफिया तंत्र और पुलिस रहें अलर्ट!