इनकम टैक्स का बड़ा एक्शन: लुलु मॉल लखनऊ का अकाउंट सीज !

Lucknow Lulu Mall पर इनकम टैक्स विभाग ने कार्रवाई की है. आयकर विभाग ने 27 करोड़ की टैक्स चोरी मामले में कार्रवाई करते हुए मॉल के अकाउंट का सीज कर दिया है. इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित लुलु मॉल के खिलाफ इनकम टैक्स विभाग ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग ने लुलु मॉल का बैंक अकाउंट सीज कर दिया है। बताया जा रहा है कि मॉल प्रबंधन पर करीब 27 करोड़ रुपये के टैक्स का भुगतान न करने का आरोप है। 2025 के टैक्स रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है, जिससे मॉल प्रबंधन और कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।

इनकम टैक्स का बड़ा एक्शन: लुलु मॉल लखनऊ का अकाउंट सीज !
इनकम टैक्स का बड़ा एक्शन: लुलु मॉल लखनऊ का अकाउंट सीज !

जानकारी के अनुसार, लुलु मॉल का बैंक अकाउंट लखनऊ स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में है, जिसे आयकर विभाग ने सीज किया है। विभाग को संदेह है कि मॉल द्वारा बड़े पैमाने पर टैक्स की चोरी की गई है। लंबे समय से चल रही जांच और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद आयकर अधिकारियों ने यह कदम उठाया। हालांकि, इस मामले में अभी तक लुलु मॉल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सूत्रों का कहना है कि आयकर विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025 के दौरान मॉल के कारोबार, आय और टैक्स भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड का गहन निरीक्षण किया था। इस दौरान यह सामने आया कि करोड़ों रुपये का टैक्स जमा नहीं किया गया। इसके बाद विभाग ने नियमों के तहत अकाउंट सीज करने की कार्रवाई की। इस कदम के बाद लुलु मॉल के संचालन और भुगतान प्रक्रिया पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

विवादों से पुराना नाता रहा है लुलु मॉल का

गौरतलब है कि लखनऊ का लुलु मॉल अपने उद्घाटन के बाद से ही लगातार किसी न किसी विवाद को लेकर सुर्खियों में रहा है। साल 2022 में मॉल परिसर के भीतर नमाज पढ़ने का मामला सामने आया था, जिस पर हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया था। इसके बाद मॉल प्रबंधन पर एक विशेष समुदाय को नौकरी में प्राथमिकता देने जैसे आरोप भी लगे थे। इन घटनाओं ने लुलु मॉल को सामाजिक और राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में ला दिया था।

इसके अलावा, मॉल में बिकने वाले हलाल मीट और कथित धर्मांतरण से जुड़ी खबरों को लेकर भी कई बार विवाद खड़ा हुआ। इन मुद्दों को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन और बयानबाजी देखने को मिली, जिससे मॉल की छवि पर असर पड़ा।

हालिया आपराधिक मामला भी बना चर्चा का विषय

इसी साल जुलाई में लुलु मॉल एक और गंभीर मामले को लेकर चर्चा में आया था। मॉल में कार्यरत एक कैश सुपरवाइजर को अपनी सहकर्मी के साथ रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाया, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद मॉल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठे थे। लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

टैक्स कार्रवाई से बढ़ी चर्चाएं

अब इनकम टैक्स विभाग की इस ताजा कार्रवाई के बाद लुलु मॉल एक बार फिर सुर्खियों में है। कारोबारी और राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आगे चलकर इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं। यदि आरोप साबित होते हैं तो मॉल प्रबंधन पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की तलवार लटक सकती है।

फिलहाल, इनकम टैक्स विभाग की ओर से जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और जानकारी सामने आने की संभावना है। वहीं, शहरवासियों और ग्राहकों की नजर भी अब लुलु मॉल पर टिकी हुई है कि इस कार्रवाई का मॉल के संचालन और छवि पर क्या असर पड़ता है।

Also Read :

यूपी उपभोक्ताओं को राहत, नए साल में कम आएगा बिजली बिल !