CM योगी का आदेश: होली में ट्रैफिक नियमों पर जीरो टॉलरेंस !

CM योगी का आदेश: होली में ट्रैफिक नियमों पर जीरो टॉलरेंस

उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के साथ ही वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे त्योहारों के पूरे समय फील्ड में मौजूद रहें और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त न की जाए।

CM योगी का आदेश: होली में ट्रैफिक नियमों पर जीरो टॉलरेंस !
CM योगी का आदेश: होली में ट्रैफिक नियमों पर जीरो टॉलरेंस !

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से होली के मद्देनज़र सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतने को कहा है। उन्होंने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि नियमित चेकिंग के साथ यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना हेलमेट और बिना सीटबेल्ट कोई भी वाहन सड़क पर न चले। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़क सुरक्षा पर ज़ीरो टॉलरेंस

सीएम योगी ने कहा कि त्योहारों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में परिवहन और पुलिस विभाग को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि ओवरस्पीडिंग करने वाले, बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वाले और बिना सीटबेल्ट चारपहिया वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर तत्काल चालान और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सड़क सुरक्षा पर ज़ीरो टॉलरेंस
सड़क सुरक्षा पर ज़ीरो टॉलरेंस

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की जान की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चेकिंग केवल औपचारिक न हो, बल्कि प्रभावी और परिणाम देने वाली होनी चाहिए।

अतिरिक्त बसों के संचालन के निर्देश

त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। खास तौर पर लंबी दूरी के रूटों पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो।

इसके साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि लंबी दूरी की बसों में दो ड्राइवर तैनात किए जाएं, जिससे थकान के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि किसी भी हाल में अनफिट या जर्जर बसों का संचालन नहीं होना चाहिए और ऐसी बसों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

परिवहन विभाग और पुलिस फील्ड में तैनात

सीएम योगी ने निर्देश दिए हैं कि परिवहन विभाग के सभी अधिकारी फील्ड में रहकर निगरानी करें। बस अड्डों, प्रमुख चौराहों और हाईवे पर विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिस और परिवहन विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे लगातार गश्त बढ़ाएं और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखें। कानून-व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों के पेंच कसे गए हैं। कुख्यात अपराधियों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर सक्रिय अपराधियों पर भी सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

होली और रमजान को लेकर विशेष सतर्कता

गौरतलब है कि आने वाले सप्ताह में होली के साथ-साथ रमजान का पवित्र महीना भी चल रहा है। रंग खेलने के दौरान कई बार छोटे विवाद तनाव का रूप ले लेते हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रशासन और पुलिस को अलर्ट रहने को कहा है। सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां पहले ही निरस्त की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि सभी त्योहार शांति, सौहार्द और सुरक्षा के माहौल में संपन्न हों, ताकि आम जनता बिना किसी डर और परेशानी के त्योहार मना सके।

Also Read :

फूड विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई: मिलावटखोरों में मचा हड़कंप, कई दुकानों पर छापेमारी !