गोरखपुर में मिलावट पर बड़ा एक्शन, लग्जरी गाड़ी बनी सप्लाई का जरिया !

तीन से चार बजे के बीच टीम ने गीडा थानाक्षेत्र के नौसड़ के पास लग्जरी कार में कई बोरों में रखा 14 बोरी में 7 क्विंटल नकली खोवा जब्त किया है. यह अभियान जारी रहेगा.

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में होली से पहले मिलावटखोर एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। त्योहार के मौके पर मिठाइयों की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर ये लोग लोगों की सेहत से खुलकर खिलवाड़ कर रहे हैं। खोवा और मावा की भारी डिमांड को पूरा करने के लिए मिलावटखोर नए-नए तरीके अपना रहे हैं। फूड विभाग की सख्ती के बाद अब बसों और ट्रेनों के साथ-साथ लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल कर नकली खोवा की बड़ी खेप शहर तक पहुंचाई जा रही है, जो आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकती है।

गोरखपुर में मिलावट पर बड़ा एक्शन, लग्जरी गाड़ी बनी सप्लाई का जरिया !
गोरखपुर में मिलावट पर बड़ा एक्शन, लग्जरी गाड़ी बनी सप्लाई का जरिया !

होली को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार छापेमारी और चेकिंग अभियान चला रही हैं। इसी क्रम में शनिवार 28 फरवरी को सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ इलाके में फूड विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। वाहन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार को रोका गया, जिसमें कई बोरों में भरकर लाया जा रहा खोवा बरामद हुआ। जांच में कुल 14 बोरियों में करीब 7 क्विंटल नकली खोवा पाया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

प्रथम दृष्टया देखने पर ही यह खोवा मिलावटी और अधोमानक प्रतीत हो रहा था। अधिकारियों के अनुसार, रंग, गंध और बनावट से ही अंदाजा लगाया जा सकता था कि यह शुद्ध दूध से तैयार नहीं किया गया है। फूड विभाग की टीम जब इस खेप तक पहुंची, तब यह साफ हो गया कि अब मिलावटखोरों ने चोरी-छिपे सप्लाई के लिए लग्जरी गाड़ियों को भी अपना जरिया बना लिया है, ताकि शक न हो और आसानी से माल बाजार तक पहुंच सके।

चेकिंग के दौरान लग्जरी कार से पकड़ा गया मावा

गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ पर चल रही नियमित चेकिंग के दौरान जैसे ही लग्जरी कार को रोका गया, अधिकारियों को शक हुआ। कार की दूसरी और तीसरी सीट पर बोरे रखे हुए थे, जिनमें खोवा भरा था। पूछताछ में चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोरखपुर के किस व्यापारी ने यह खोवा मंगाया था। फूड विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि इस खेप का अंतिम खरीदार कौन था। वाहन के स्वामी और संबंधित व्यापारी, जो मिर्जापुर से जुड़े बताए जा रहे हैं, उन्हें भी बुलाने का प्रयास किया जा रहा है।

मिर्जापुर से गोरखपुर लाई जा रही थी खेप

सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश पर होली के त्योहार को देखते हुए जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शनिवार तड़के नौसड़ में कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि लग्जरी कार से बरामद 7 क्विंटल खोवा मिर्जापुर से गोरखपुर लाया जा रहा था। प्रथम दृष्टया यह मिलावटी प्रतीत हो रहा है और इसका सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। नमूने लेकर इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, ताकि इसकी गुणवत्ता की पुष्टि की जा सके।

मिलावटखोरों को सख्त चेतावनी

फूड विभाग ने मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थ बेचने वालों को सख्त चेतावनी दी है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही आम जनता से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।

पब्लिक से अपील: ऐसे जांचें खोवा

सहायक आयुक्त खाद्य ने लोगों को खोवा खरीदते समय तीन आसान तरीकों से जांच करने की सलाह दी है।
पहला, खोवा को हाथ से मसलकर देखें—अगर उसमें से तेल या रिफाइंड जैसा पदार्थ निकलता है तो वह मिलावटी हो सकता है।
दूसरा, अगर खोवा से किसी तरह की बदबू या अजीब गंध आ रही हो, तो उसे न खरीदें।
तीसरा, खोवा को मुंह में रखने के एक मिनट बाद अगर स्वाद कड़वा हो जाए, तो समझ लें कि वह अशुद्ध है।

फिलहाल, इस बड़ी कार्रवाई के बाद गोरखपुर में मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। फूड विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में चेकिंग और तेज की जाएगी, ताकि होली के मौके पर लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।

Also Read :

घटती सरयू पर सियासत गरम, योगी सरकार कटघरे में !