प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मात दी है. आज अपने गांव पहुंचे प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस चुनाव में भी गांव के लोगों ने काफी मेहनत की है. मैं यह कहना चाहता हूं कि भाजपा सरकार दिल्ली देहात के लिए अच्छा काम करेगी.
नई दिल्ली विधानसभा सीट से जीत के बाद भाजपा नेता प्रवेश वर्मा रविवार को अपने पैतृक गांव मुंडका पहुंचे. यहां उन्होंने भैरव मंदिर में मत्था टेका और बाद में घेवरा स्थित साहिब सिंह वर्मा की समाधि पर गए. भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “भारतीय जनता पार्टी और हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने मुझे नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी सौंपी थी. हम यहां से जीते हैं. मैं दिल्ली के सभी मतदाताओं का धन्यवाद करना चाहता हूं जिन्होंने भाजपा के समर्थन में अपना मत दिया. मेरे प्रति मेरे गांव के लोगों का असीम प्रेम रहा है. इस चुनाव में भी गांव के लोगों ने काफी मेहनत की है. मैं यह कहना चाहता हूं कि भाजपा सरकार दिल्ली देहात के लिए अच्छा काम करेगी. सारी कॉलोनियों के लिए जो भी काम रुके हुए हैं, वह पूरे किए जाएंगे, पीएम मोदी के विजन को आगे बढ़ाएंगे , बहुत सारे काम करने हैं. कुछ चुनौतियां भी सामने आएंगी. लेकिन, मेरे गांव के लोगों के प्रेम और स्नेह से इसे भी पूरा करेंगे.”
जीत के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए कहा कि अंधेरा छट गया, सूरज निकल गया, कमल खिल गया. दिल्ली ने विकास चुना है. ये जीत दिल्ली के विश्वास की है. ये जीत दिल्ली के भविष्य की है. मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व और भारतीय जनता पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत और दिल्ली की जनता के विश्वास का आभारी हूं.”