भाजपा नेता ने पूछा सवाल,आखिर राहुल बार बार वियतनाम ही क्यों जा रहे हैं ?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा को लेकर एक बार फिर देश का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर भाजपा ने एक बार फिर सवाल उठाया , भाजपा नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने बीते दिन शनिवार को कहा- राहुल गांधी कहां हैं? मैंने सुना है कि वे वियतनाम गए हैं। वे नए साल के दौरान भी दक्षिण-पूर्व एशियाई देश वियतनाम में थे। वहां 22 दिन रुके, इतना समय तो वे अपने निर्वाचन क्षेत्र (रायबरेली) में नहीं बिताते।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रसाद ने कहा, ‘राहुल लगातार वियतनाम और दूसरे देशों की यात्रा कर कर रहे हैं। वियतनाम के प्रति उनके इतने प्रेम का कारण अचानक क्या है? राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, उन्हें भारत में उपलब्ध रहना चाहिए।

बीजेपी के निशाने पर राहुल गांधी

बीजेपी लंबे समय से गांधी की विदेश यात्राएं को निशाना बना रही है। सत्तारूढ़ पार्टी ने उन्हें एक ऐसे गैर-गंभीर नेता के रूप में चित्रित करने का प्रयास किया है, जो घरेलू राजनीति की बारीकियों के लिए अयोग्य हैं। बीजेपी के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि गांधी की लगातार विदेश यात्राओं का विवरण न तो संसद में दिया जाता है और न ही सार्वजनिक किया जाता है। उन्होंने कांग्रेस से इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण मांगा। 

कांग्रेस का पलटवार

कांग्रेस ने बीजेपी पर उनके निजी दौरे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है। बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद के बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, ‘पीएम मोदी इतनी सारी विदेश यात्राएं करते हैं। पीएम मोदी ने जितनी विदेश यात्राएं की है, वह राहुल गांधी की यात्राओं से कहीं ज्यादा है। राहुल गांधी का स्वभाव और विचारधारा वैश्विक है, वह बौद्धिक हैं। वह चीजों को पढ़ते हैं। उनका जीने और सोचने का अपना तरीका है।’

पार्टी ने दलील दी कि एक व्यक्ति के तौर पर उन्हें विदेश यात्रा करने का अधिकार है। पिछले वर्ष 26 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह के निधन के बाद गांधी की वियतनाम यात्रा की थी जिसकी भाजपा ने आलोचना की थी। बीजेपी के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने तब कहा था कि जब देश सिंह के निधन पर शोक मना रहा था, तब राहुल गांधी नए साल का जश्न मनाने के लिए वियतनाम गए हुए थे।