राज्यपाल ने किया सदर बाजार स्थित ऐतिहासिक क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी का लोकार्पण ! तीन सौ वर्ष पुरानी पुस्तकों के संग्रह ने राज्यपाल को किया प्रभावित, युवाओं को पुस्तक संस्कृति से जुड़ने के लिए किया प्रेरित..
प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी का 77वां स्थापना दिवस समारोह डी ग्रांड मार्किस, फतेहाबाद रोड, आगरा में संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग तथा आकांक्षा समिति के सौजन्य से बेसिक शिक्षा विभाग के विभिन्न स्कूलों की 50 छात्राओं का सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु एचपीवी वैक्सीनेशन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा बच्चों की किताबों का सेट राज्यपाल महोदया को भेंट किया गया।

राज्यपाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि आज आर्थिक क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा का वातावरण है और नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी जैसी संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत आज प्रगति के पथ पर अग्रसर है और देश तीसरी सबसे बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। अनेक आंतरिक और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत में आर्थिक स्थिरता, भरोसा और गति दिखाई दे रही है, जो प्रेरणादायक है। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार वृद्धि हो रही है। आज भारत केवल एक उभरती अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि विश्व का रोल मॉडल बन चुका है।

राज्यपाल महोदया ने कहा कि देश में 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। देश का युवा नया दृष्टिकोण लेकर आगे बढ़ रहा है। मुद्रा योजना और स्टार्टअप जैसी योजनाओं ने युवाओं के सपनों को नई उड़ान दी है। अब तक 8 करोड़ युवा मुद्रा योजना से जुड़ चुके हैं और 1.5 लाख से अधिक स्टार्टअप तैयार हुए हैं, जिनसे हजारों लोगों को रोजगार मिला है। यह एक आर्थिक क्रांति है।
राज्यपाल जी ने उद्योग जगत से जुड़े सभी लोगों का आह्वान किया कि वे सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर डिजिटल इकोनॉमी, ग्रीन एनर्जी, एआई जैसे क्षेत्रों में कार्य करें और तकनीक से जुड़ें, क्योंकि तकनीक ही भविष्य है। 2047 में जब भारत स्वतंत्रता की शताब्दी मनाए, तब देश को विकसित भारत के रूप में देखें। इस दिशा में उद्योग जगत को भी योगदान देना चाहिए, ताकि आप गर्व से कह सकें कि विकसित भारत बनाने में हमारा भी योगदान है।

राज्यपाल महोदया ने कहा कि आज के कार्यक्रम का शुभारंभ बेटियों को सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन से हुआ, जो एक सराहनीय पहल है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा कार्यक्रम में आने की अनुमति देने की शर्त थी कि बेटियों को सर्वाइकल कैंसर का वैक्सीनेशन कराया जाए और स्कूल के बच्चों को लाइब्रेरी हेतु किताबें दान की जाएं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों में सर्वाइकल कैंसर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। जिस महिला को यह रोग हो जाता है, उसका पूरा परिवार प्रभावित होता है। इस मुहिम का शुभारंभ सबसे पहले राजभवन में रहने वाले परिवारों की महिलाओं और बेटियों का वैक्सीनेशन कर किया गया। इस हेतु उन्होंने स्वयं को मिलने वाले 20 लाख रुपये के कोष को दान दिया। उन्होंने बताया कि अब पुलिस विभाग में कार्यरत पुलिस कर्मियों की सभी बेटियों का सर्वे कर उनका वैक्सीनेशन किया जाएगा।
राज्यपाल महोदया ने उदाहरण देते हुए कहा कि कानपुर की दो महिलाओं ने 200 बेटियों का वैक्सीनेशन कराया है और गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों ने 100 बेटियों का वैक्सीनेशन कराया है। यह मुहिम रुकनी नहीं चाहिए और बैंकों एवं बड़ी कंपनियों को सीएसआर फंड के माध्यम से इसमें सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। राज्यपाल महोदया ने उपस्थित सभी लोगों से कहा कि वे अपने घर की बेटियों का सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन अवश्य कराए
राज्यपाल महोदया ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों और विवाह समारोहों में आवश्यकता से अधिक भोजन बनाया जाता है, जो बाद में बेकार हो जाता है। उन्होंने इस पर रोक लगानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में बेटियों को अवसर मिल रहे हैं, वे स्वयं के लिए सोच रही हैं और नई उड़ान भर रही हैं। बेटियों को शिक्षित कर उन्हें समान अवसर देना चाहिए। माता-पिता को अपने बच्चों को शिक्षित और संस्कारित बनाना चाहिए।
राज्यपाल महोदया ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने विभिन्न कारागारों का भ्रमण किया है, जहाँ 20-22 वर्ष के युवा जेल की सजा काट रहे हैं। यह चिंता का विषय है कि 30 प्रतिशत लोग जमीन विवाद और 30 प्रतिशत दहेज के मामलों में जेल में हैं। दहेज जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजकल हाई टेम्परामेंट के कारण झगड़े बढ़ रहे हैं। ऐसी घटनाओं को शिक्षा और योग के माध्यम से रोका जा सकता है। जीवन में योग को बढ़ावा देना आवश्यक है।
मा.राज्यपाल महोदया ने सदर बाजार में आज स्वतंत्रता-पूर्व, वर्ष 1900 में स्थापित क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी, आगरा के नव-निर्मित भवन की शिलापट्टिका का अनावरण और पुस्तकालय का रिबन काटकर उद्घाटन, लोकार्पण किया। उन्होंने स्टडी रूम, बुक संग्रहालय आदि का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं भी देखी।
आगरा स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत पुनर्विकसित हुई लाइब्रेरी के संचालन का जिम्मा संभाल रहे छावनी परिषद के निवर्तमान उपाध्यक्ष डॉ. पंकज महेन्द्रू ने मा. राज्यपाल महोदया को लाइब्रेरी का भ्रमण कराया तथा लाइब्रेरी की विकास यात्रा की जानकारी दी। राज्यपाल जी ने लाइब्रेरी भ्रमण करते हुए भवन परिसर का गहन अवलोकन किया और पुस्तकालय में संरक्षित सन 1700 ई. की दुर्लभ पुस्तकों के संग्रह को देखा। उन्होंने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में पुस्तकालय के इस स्वरूप की सराहना करते हुए इसे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बताया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय जी, कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबीरानी मौर्य जी, आगरा महापौर श्रीमती हेमलता कुशवाह जी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदौरिया जी, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान जी, छावनी परिषद के अध्यक्ष ब्रिगेडियर नवीन कुमार,मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगार, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, अपर पुलिस आयुक्त श्री रामबदन सिंह, नगर आयुक्त श्री अंकित खंडेलवाल, नेशनल चैंबर से श्री संजय गोयल, अध्यक्ष नेशनल चैंबर, उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल व विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, आयोजन समिति अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल सहित अन्य महानुभाव उर्पिस्थत रहे।