मायावती के इकलौते विधायक के घर IT रेड, सियासी हलचल तेज !

c5c8f414bbc7066ff15f1e8aed35ecdc1741272159285487 original
68 / 100 SEO Score

सुबह से चल रही इस छापेमारी के दौरान आवास के बाहर हलचल और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी की सूचना से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीम शुक्रवार सुबह करीब सात बजे भारी पुलिस बल के साथ विधायक के आवास पर पहुंची और परिसर को चारों ओर से घेरते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। सुबह से जारी इस छापेमारी के दौरान आवास के बाहर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया, जबकि सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मायावती के इकलौते विधायक के घर IT रेड, सियासी हलचल तेज !
मायावती के इकलौते विधायक के घर IT रेड, सियासी हलचल तेज !

सूत्रों के मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग की टीम में तीन दर्जन से अधिक अधिकारी शामिल हैं, जो कई वाहनों के काफिले के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आवास के अंदर और बाहर की आवाजाही पर रोक लगाते हुए परिसर को सील-सा कर दिया है।

छापेमारी के दौरान घर में मौजूद फाइलें, दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग कुछ संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े मामलों की पड़ताल कर रहा है, हालांकि इस संबंध में विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

छापेमारी के चलते विधायक के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है और बिना अनुमति किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह से ही गोमतीनगर इलाके में हलचल बनी हुई है और मीडिया कर्मियों की भीड़ भी धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है।

गौरतलब है कि बसपा विधायक उमाशंकर सिंह गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। वे कैंसर से पीड़ित हैं और अब तक उनके दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार वे लंबे समय से आइसोलेशन में रह रहे हैं। जानकारी के अनुसार, उनका लखनऊ के लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में आवास और कार्यालय है, जहां यह छापेमारी चल रही है। सूत्रों का कहना है कि छापे के दौरान डॉक्टर और नर्स के आने-जाने पर भी रोक लगा दी गई है, जिससे स्वास्थ्य को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में करीब 50 से ज्यादा अधिकारी और सुरक्षा कर्मी शामिल हैं। आयकर विभाग की टीम हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और यह छापेमारी कई घंटों तक चलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है और इसमें क्या-क्या बरामदगी हुई है।

उमाशंकर सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। मौजूदा विधानसभा में वे बसपा के इकलौते विधायक हैं, ऐसे में यह कार्रवाई पार्टी के लिए भी सियासी तौर पर अहम मानी जा रही है। पिछले वर्ष खुद बसपा सुप्रीमो मायावती लखनऊ स्थित उनके आवास पर पहुंची थीं और उनका हालचाल जाना था। उस दौरान उन्होंने विधायक के परिजनों से भी मुलाकात की थी और उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि छापेमारी की इस कार्रवाई का असर प्रदेश की राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है, क्योंकि बसपा पहले ही सीमित राजनीतिक उपस्थिति के दौर से गुजर रही है। फिलहाल सभी की निगाहें आयकर विभाग के आधिकारिक बयान पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि छापेमारी किस आधार पर की गई और आगे की कार्रवाई क्या होगी।

Also Read :

अलंकार अग्निहोत्री की सियासी एंट्री ,भगवान राम-कृष्ण से जुड़ा होगा पार्टी का नाम !