आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में आधी रात हुए दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। बेखौफ हमलावरों ने पहले ट्यूबवेल पर सो रहे बुजुर्ग का धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी घर में घुस गए और बुजुर्ग के पोते पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे भी मौत के घाट उतार दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
दोहरी हत्या की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।