नेता प्रतिपक्ष होंगी पूर्व CM आतिशी, AAP विधायक दल की बैठक में फैसला..

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को दिल्ली विधानसभा में विपक्ष का नेता चुना गया। यह फैसला रविवार को पार्टी मुख्यालय में हुई आम आदमी पार्टी विधायक दल की बैठक में लिया गया।
आप नेता गोपाल राय ने कहा, “आज विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि आतिशी दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता होंगी। चुनौतीपूर्ण समय में आतिशी ने सीएम के तौर पर दिल्ली की जनता की सेवा की है। आप एक स्वस्थ विपक्ष की जिम्मेदारी निभाएगी।”

नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने के बाद आतिशी ने कहा, ‘मैं AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और सभी विधायकों का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझे नेता प्रतिपक्ष बनाया है। भाजपा ने जो भी वादे किए, विपक्ष के नाते हम उन सभी वादों को पूरा करवाने की जिम्मेदारी निभायेंगे। महिलाओं से वादा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो पहली कैबिनेट मीटिंग में ही उन्हें ₹2,500 हरमहीने देने की गारंटी दी थी, वो हम उन्हें दिलवा कर रहेंगे।’

दिल्ली विधानसभा में पेश होने वाली कैग रिपोर्ट पर दिल्ली की पुर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, “मैंने बतौर मुख्यमंत्री दिल्ली विधानसभा के स्पीकर को कैग रिपोर्ट भेजी थी। ये कैग रिपोर्ट चुनाव से पहले सीलबंद लिफाफे में विधानसभा भेजी गई थी। भाजपा यह भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है कि कैग रिपोर्ट उनकी तरफ से पेश की जा रही है। दिल्ली की जनता में फैलाई जा रही भ्रांति को जनता के सामने लाया जाना चाहिए।”
बता दें कि 24 फरवरी यानी कल सुबह 11 बजे से दिल्ली विधानसभा सत्र शुरू होगा। पहले विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। दोपहर में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। 25 फरवरी को उपराज्यपाल का अभिभाषण होगा। 27 फरवरी को अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव होगा। इसके बाद विधानसभा उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि होने के कारण सत्र नहीं बुलाया गया है।

पहली बार नेता सदन और नेता प्रतिपक्ष महिला
दिल्ली विधानसभा के इतिहास से पहली बार ऐसा संयोग है कि नेता प्रतिपक्ष और नेता सदन दोनों महिलाएं होंगी। बीजेपी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने में सफल हुई है। पार्टी को 70 में से 48 सीटों पर जीत मिली है। ऐसे में पार्टी ने इस बार रेखा गुप्ता को सीएम बनाया है। रेखा गुप्ता दिल्ली में सीएम बनने वाली चौथी महिला हैं। इसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी महिला सीएम रह चुके हैं। हालांकि, यह पहली बार होने जा रहा है जब नेता सदन यानी मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष दोनों महिलाएं ही होंगी।