कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आतंक के खिलाफ हर कार्रवाई में हम सरकार के साथ खड़े हैं। सरकार को हमारा पूरा समर्थन है। इस कार्रवाई को अंजाम देनेवाले जाबांज सैनिकों को हम सलाम करते हैं।
भारतीय सेना की तरफ से पहलगाम आतंकी हमले के बाद चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर कांग्रेस ने कार्यसमिति की आपात बैठक बुलाई थी। जिसमें तमाम शीर्ष कांग्रेस नेता शामिल हुए हैं। वहीं इस बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि, हम सेना के जांबाज सैनिकों को सलाम करते हैं, हम आतंकवाद के खिलाफ सरकार के साथ खड़े हैं।

‘जांबाज सैनिकों के साहस और राष्ट्रभक्ति को सलाम’
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, ‘हम भारतीय सेना पर गर्व करते हैं जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके के आतंकी ठिकानों पर साहसिक और निर्णायक कार्रवाई करते हुए मुंह तोड़ जवाब दिया है। हम अपने जांबाज सैनिकों के साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रभक्ति को सलाम करते हैं… आतंकवादी हमले के पहले दिन से ही कांग्रेस ने सेना और सरकार के साथ एकजुटता से खड़े होकर सीमापार आतंकवाद के खिलाफ हर निर्णायक कार्रवाई का समर्थन किया था।’
आतंकवाद के खिलाफ हम एकजुट हैं : खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पहलगाम की आतंकी घटना के दिन से ही सेना और सरकार के साथ एकजुटता के साथ है. हम सरकार की निर्णायक कार्रवाई का समर्थन करते हैं. पाकिस्तान के आंतकियों के लिए एक ही नीति है कि हम एकजुट हैं. सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं. देश की एकता और अखंडता के लिए हम खड़े हैं. हम पूरी ताकत से सेना और एकता के लिए समर्थन दे रहे हैं.
पहलगाम में भीषण आतंकी हमला
पहलगाम में आतंकियों ने 22 अप्रैल को बायसरन घाटी में मौजूद घास के मैदान में छुट्टियों का लुत्फ उठा रहे 26 पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी थी। इस दौरान आतंकियों ने सभी से नाम पूछकर उनके परिजनों के सामने गोली मार दी थी। जिसके बाद भारत ने पाकिस्तान पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए थे। इसी कड़ी में आज भारतीय सेना की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर के तहत कार्रवाई की गई है
भारतीय सेना का ‘ऑपरेशन सिंदूर’

भारतीय सेना का ऑपरेशन सिंदूर 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना के जांबाजों ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल से हमला किया। वहीं पाकिस्तान ने इस हमले को लेकर दावा किया है, भारतीय हवाई हमले में 26 लोगों की मौत हुई है।
कुल 9 जगहों पर हुए सटीक हमले

बता दें कि भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने पाक सीमा पार किए बिना पाकिस्तान में आतंकवादियों के कई ठिकानों पर बुधवार सुबह सटीक हमले किए और जैश-ए-मोहम्मद व लश्कर-ए-तैयबा के प्रशिक्षण शिविरों, ‘लॉन्च पैड’ और मुख्यालयों को निशाना बनाया। भारत ने जब आधी रात के बाद ये हमले किए तब पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में नौ महत्वपूर्ण स्थलों पर बड़ी संख्या में आतंकवादी मौजूद थे। ऑपरेशन सिंदूर के तहत किए गए इन हमलों के दौरान बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय और पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के मुख्यालय को निशाना बनाया गया।