भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच राजस्थान का जोधपुर हाई अलर्ट पर है। यहां बाजार बंद करवा दिए गए हैं और जिला कलेक्टर ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है।
भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से सटे राजस्थान के चूरू, हनुमानगढ़ और बीकानेर (केवल नाल एरिया) में रेड अलर्ट जारी किया गया है। हाल के ड्रोन हमलों को देखते हुए जिला कलेक्टरों ने लोगों से अपील की है कि वे घरों में ही रहें और बाहर न निकलें। श्रीगंगानगर में सुरक्षा के चलते बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई है।
जैसलमेर में किसी भी कार्यक्रम या समारोह पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। पुलिस ने जैसलमेर, श्रीगंगानगर और बीकानेर के मुख्य बाजारों को बंद करवा दिया है। बीकानेर के नाल क्षेत्र में सुबह 9 बजे से पुलिस तैनात है और सभी दुकानों को तुरंत बंद करने के आदेश दिए गए हैं।
जैसलमेर में आज सुबह जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। वहां पर ड्रोन या मिसाइल जैसे टुकड़े भी मिले हैं। इसी तरह, बाड़मेर के उत्तरलाई क्षेत्र और बालोतरा में भी धमाके हुए हैं और वहां भी आसमान से गिरा मलबा मिला है। बालोतरा में यह मलबा मिसाइलनुमा वस्तु के रूप में मिला है।
सुरक्षा के मद्देनज़र, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, किशनगढ़ (अजमेर) और उत्तरलाई (बाड़मेर) एयरपोर्ट को 14 मई तक बंद रखने का फैसला किया है। पहले यह बंदी 10 मई तक के लिए थी, लेकिन अब इसे बढ़ा दिया गया है। सरकार और सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से शांत रहने की अपील की गई है।
हालांकि शनिवार सुबह बाड़मेर डीएम टीना डाबी ने संभावित ड्रोन स्ट्राइक के खतरे के चलते एक बार फिर जिले में रेड अलर्ट जारी कर दिया. इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी बड़ा फैसला ले लिया.

रिटायर्ड कर्मियों और वॉलंटियर्स की मदद लेगी सरकार
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, ‘राजस्थान की 1000 किलोमीटर से ज्यादा की सीमा पाकिस्तान से लगती है. ऐसे में हम हर परिस्थिति के लिए तैयार हैं. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सेना और केंद्र सरकार के साथ मिलकर सभी जरूरी कदम उठाए जाएं.
उनसे मॉक ड्रिल, ब्लैकआउट और सीमित मूवमेंट जैसे कदमों को प्रभावी बनाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने के लिए भी कहा गया है. अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाए. यह भी सुनिश्चित किया गया है कि सीमावर्ती जिलों में कोई कर्मचारी स्थानांतरण के कारण ड्यूटी से न चूके. जरूरत पड़ने पर रिटायर्ड कर्मियों और वॉलंटियर्स की मदद भी ली जाएगी.’
रात के बजाय दिन में शादी समारोह करने की एडवाइजरी जारी
सीएम शर्मा ने कहा कि भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव बना हुआ है. इसके मद्देनजर सीमावर्ती जिलों में RAC, SDRF और होमगार्ड की अतिरिक्त तैनाती की जा चुकी है. प्रभारी सचिव भेजे गए हैं. सभी जिलों में निगरानी बढ़ाई गई है. खाना, दवाई, इंधन सहित सभी जरूरी सामान का स्टॉक कर लिया गया है. जरूरत के समय किसी भी चीज की कमी नहीं आएगी. पाकिस्तान की सीमा से सटे सभी जिलों में निजी ड्रोन उड़ाने और आतिशबाजी करने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है. शादी समारोह दिन में करने की एडवाइजरी जारी की गई है.’
जोधपुर लोगों को घरों में रहने की हिदायत
जोधपुर में सायरन बजने के बाद बाजार बंद हैं। सभी बाजारों को बंद करवा दिया गया है। लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी गई है। लोगों को किसी भी समारोह में शामिल न होने की हिदायत भी दी गई है। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने लोगों से ये अपील की है।
कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने दिया बयान

राजस्थान के जोधपुर जिले के कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा- “भारत और पाकिस्तान की स्थिति के क्रम में आज सुबह हमें रेड अलर्ट के दिशा-निर्देश प्राप्त हुए थे, जिसके चलते एयर रेड के सायरन बजाए गए थे। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि सभी अपने सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसी भी भीड़भाड़ वाली जगह से जाने से बचें और अपने घरों में सुरक्षित रहें।”
पोकरण में भी तीन धमाके
फलोदी में भी रोडवेज बस और प्राइवेट बस के आवागमन को अग्रिम आदेश तक के लिए बंद किया गया है। आम लोगों को अत्यंत आवश्यक कार्य को छोड़कर बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। सड़कों पर आवागमन भी बंद करवा दिया गया है। जैसलमेर और बाड़मेर में एंट्री बंद कर दी गई है। जैसलमेर में भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच युद्ध जैसे हालात हैं। पोकरण में भी तीन धमाके की खबर है और गाँव खाली कराया है।
Also Read :
“नवाज़ ने शाहबाज़ से कहा – भारत से रिश्तों में गर्मजोशी लाओ”