दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर: 48 डिग्री के पार पहुंचा पारा, रेड अलर्ट जारी !

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। गुरुवार, 12 जून को राजधानी में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। गर्म हवाओं और उमस के चलते लोगों को 50 डिग्री से अधिक महसूस हो सकता है।

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो देश में सर्वाधिक है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली के आयानगर में 45 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि हीट इंडेक्स 51.9 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी के विभिन्न हिस्सों में तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार और बृहस्पतिवार को दिल्ली-NCR रेड अलर्ट पर है, जबकि 13 जून को ऑरेंज अलर्ट रहेगा।

दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर: 48 डिग्री के पार पहुंचा पारा, रेड अलर्ट जारी !
दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर: 48 डिग्री के पार पहुंचा पारा, रेड अलर्ट जारी !

विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे धूप में निकलने से बचें, लगातार पानी पीते रहें और अनावश्यक बाहरी गतिविधियों से दूरी बनाएं। बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से खतरनाक साबित हो सकती है।

वहीं राहत की खबर यह है कि दो हफ्ते के ठहराव के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून 13-14 जून से फिर सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 14 जून की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है, जिससे तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

कब मिलेगी राहत ?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 13 जून तक भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान है, हालांकि उसके बाद, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश से कुछ राहत मिल सकती है। दिल्ली में भी अगले सप्ताह से आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आ सकती है। मानसून 26-27 मई से महाराष्ट्र में समुद्र किनारे रुका हुआ है। आने वाले 2-3 दिनों में यह फिर से सक्रिय हो सकता है। ऐसा होने पर महाराष्ट्र और मध्य भारत में भी बारिश के आसार बनेंगे। 

आईएमडी ने क्या कहा?

आईएमडी ने बताया, “अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने का अनुमान नहीं है। हालांकि, इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।” भीषण गर्मी के कारण बिजली ग्रिड पर दबाव बढ़ रहा है और उत्तर प्रदेश, पंजाब व आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में बिजली की मांग में वृद्धि दर्ज की गई है।

अन्य राज्यों का हाल

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्यप्रदेश में कम से कम 22 स्थानों पर बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। आंकड़ों के मुताबिक, राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक था। राजस्थान के अन्य हिस्सों जैसे चित्तौड़गढ़ (45.7 डिग्री सेल्सियस), चूरू और फलौदी (45.8 डिग्री सेल्सियस प्रत्येक) और जयपुर (44.4 डिग्री सेल्सियस) में भी भीषण गर्मी दर्ज की गई।

यूपी में भी पारा 45 डिग्री के पार

उत्तर प्रदेश के आगरा में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री और औराई में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के रोहतक में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री और हिसार में 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पंजाब के अमृतसर (45.8 डिग्री सेल्सियस) और जम्मू (44.4 डिग्री सेल्सियस) में भी अधिक तापमान दर्ज किया गया। यहां तक ​​कि पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी पिछले कुछ दिनों से सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान ऊना में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों के लिए 12 और 13 जून को ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

दक्षिण राज्यों की अगर बात करें तो कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।मौसम विभाग ने 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। तटीय और कर्नाटक में भी मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी और उत्तरी तमिलनाडु में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मूसलधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। तटीय और आंतरिक कर्नाटक में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी और उत्तरी तमिलनाडु में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।

Also Read :

दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी का कहर: दो दिन ऑरेंज अलर्ट, फिर चलेगी तेज हवा और बरसेंगे बादल