सोने की ईंटें, चांदी की सिल्ली, करोड़ों की प्रॉपर्टी… पूर्व ARTO के घर छापे में मिला अकूत खजाना, विजिलेंस टीम को मिलेगा इनाम…
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई में पूर्व एआरटीओ (सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी) ललित कुमार के ठिकानों से अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों को 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी, करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद, हीरे-जवाहरात और करोड़ों रुपये की अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले। प्रारंभिक जांच में बरामद संपत्ति का मूल्य करीब 35 करोड़ रुपये आंका जा रहा है।
जांच में सामने आया है कि लखनऊ के अलावा नोएडा में भी पूर्व अधिकारी ने करोड़ों रुपये की संपत्तियां खरीद रखी थीं। नोएडा के सेक्टर-66 में एक महंगा प्लॉट और दो फ्लैट समेत कई निवेश के दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी संपत्तियों की जानकारी मिली है, जिसकी जांच जारी है।
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान घर में विशेष रूप से बनाए गए लॉकरों और अलग-अलग जगहों पर नकदी, सोने की ईंटें तथा चांदी की सिल्लियां छिपाकर रखी गई थीं। कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जांच एजेंसियों ने अपने कब्जे में लिए हैं।
इस बड़ी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली विजिलेंस टीम की सराहना करते हुए टीम को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। अधिकारियों का कहना है कि आय से अधिक संपत्ति और संपत्ति के स्रोतों की विस्तृत जांच अभी जारी है तथा आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।