CJP छात्र प्रदर्शन पर पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह का बयान, बोले-बातचीत से निकले समाधान, छात्रों का भविष्य सबसे जरूरी…

दिल्ली में CJP के नेतृत्व में जारी छात्र प्रदर्शन के बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों से शांति बनाए रखने तथा बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की।

युवराज सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि,

“हर बच्चे, छात्र, महिला और पुरुष को शांति के साथ सीखने, सुरक्षित माहौल में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए। उनका कल्याण ही एक बेहतर भारत की नींव है। आइए हम सब मिलकर ऐसा समाज बनाएं, जहां हर किसी को अवसर और उम्मीद मिले। भारत के भविष्य के लिए बातचीत के जरिए सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जा सकता है।

छात्र आंदोलन के बीच आया बयान,

युवराज सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है जब दिल्ली के जंतर-मंतर समेत देश के कई हिस्सों में शिक्षा सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है। हाल के दिनों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प तथा लाठीचार्ज की घटनाओं के बाद इस आंदोलन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं।

युवराज ने किसी पक्ष का समर्थन या विरोध करने के बजाय छात्रों की सुरक्षा, शिक्षा और भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संवाद के जरिए विवाद खत्म करने की अपील की। उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।