20 फ़रवरी को होगा शपथ ग्रहण समारोह,दिल्ली को मिलेगा अपना नया सीएम

दिल्ली विधानसभा चुनाव रिजल्ट के 12 दिन बाद 20 फरवरी को दिल्ली को अपना नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा, सूत्रों के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह के रामलीला मैदान में होगा ,साथ ही शपथ ग्रहण समारोह के समय में बदलाव हुआ है। शपथ समारोह 4:30 बजे की जगह अब 11 बजे होगा। हालांकि, भाजपा ने अब तक CM फेस तय नहीं किया है। पार्टी विधायक दल की बैठक 19 फरवरी को 3:30 बजे बुलाई गई है, जिसमें CM की घोषणा होगी।

67b4001d60bba delhi swearing in ceremony 183551519 16x9 1
20 फरवरी को नई भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले रामलीला मैदान में तैयारियां जोरों पर


इसमें प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री, भाजपा और NDA शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी CM शामिल होंगे। इसके अलावा उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत और राजनयिक भी आएंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के 12 से 16 हजार लोगों को भी बुलाने की तैयारी की गई है। कार्यक्रम की व्यवस्था की देखरेख के लिए भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुघ को प्रभारी बनाया गया है। आज शाम दोनों ने दिल्ली भाजपा मुख्यालय में एक बैठक की। इसमें शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

मुख्यमंत्री की रेस में 6 नाम है ,वैसे तो भाजपा अपने मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चौंकाती आई है। पार्टी सभी राजनीतिक कयासों को किनारे करते हुए संगठन के पुराने चेहरों को प्रदेश की कमान सौंपती है। इसके बावजूद 6 विधायकों के नाम मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे हैं। सूत्रों के अनुसार पार्टी ने 15 विधायकों के नाम निकाले हैं। उनमें से 9 नाम शॉर्टलिस्ट किए हैं। इन्हीं 9 नामों में CM, कैबिनेट मंत्री और स्पीकर के नाम तय किए जाएंगे।

दिल्ली मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 7 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में चर्चा है कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों से एक-एक भाजपा विधायक को चुना जा सकता है। बिहार और पंजाब चुनाव के अलावा जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इन्हें चुना जाएगा।