हमीरपुर, उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, राठ कस्बे में दूल्हा अपनी दुल्हन को बैलगाड़ी से विदा कराकर घर ले गया। इस कदम का सभी ने स्वागत किया। कस्बे में पूरे रास्ते उन पर फूल बरसाए गए। राठ कस्बे के चरखारी रोड निवासी दूल्हे विवेक उर्फ राजा द्विवेदी ने यह अनूठी विदाई कराई। इसमें करीब 50 किमी की दूरी तय कर घर पहुंचे।
पिता की इच्छा को किया पूरा
मामला जिले के राठ कस्बे का है। यहां के निवासी राजीव उर्फ राजू द्विवेदी खेती-बाड़ी करते हैं और 55 बीघे जमीन के काश्तकार हैं। उन्होंने अपने बेटे विवेक उर्फ राजा द्विवेदी की शादी महोबा जिले के सूपा गांव में राकेश शुक्ला की बेटी रोहिणी से तय की थी। कन्या पक्ष ने राठ कस्बे में गेस्ट हाउस में शादी का आयोजन किया। तय दिन पर बैंड-बाजे के साथ बारात गेस्ट हाउस पहुंची, जहां लड़की पक्ष ने बारातियों का जोरदार स्वागत किया गया। द्वारचार के बाद वरमाला की रस्म हुई और फिर मंडप में दूल्हे ने दुल्हन के साथ सात फेरे लिए।
दूल्हा करोड़पति तो दुल्हन कर रही बीटीसी की पढ़ाई
दूल्हे विवेक ने बताया कि पिता ने कहा था कि शादी के बाद दुल्हन की विदाई बैलगाड़ी से होनी चाहिए। उनकी इच्छा के सम्मान के बहाने उन्हें अपनी परंपराओं से अवगत होने का मौका मिला। बहुत अच्छा लगा। वहीं ससुराल पहुंची दुल्हन का बैलगाड़ी से उतरने के दौरान जब फूलों से स्वागत हुआ तो आंखें भर आईं। बता दें, विवेक की खेतों की कीमत करोड़ों रुपये है और रोहिणी बीटीसी कर रही है। इसके बाद भी इन्हें बैलगाड़ी से विदाई कराने में जरा भी हिचक नहीं महसूस हुई। शादी में शामिल होने महोबा से आए लोगों ने कहा कि 21वीं सदी में इस पारंपरिक तरीके से दुल्हन की विदाई देख मन भर आया। कहा आधुनिकता की चकाचौंध में खो चुके लोगों को अपनी परंपरा से परिचय कराना सराहनीय कदम है।