CJP प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली पुलिस का बड़ा फैसला, सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द; राजधानी में हाई अलर्ट…

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में CJP (Cockroach Janta Party) के विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने अपने सभी कर्मियों की नियमित छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। साथ ही अधिकारियों और जवानों को पूरी तरह ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, मौजूदा हालात को देखते हुए “ऑल हैंड्स ऑन ग्राउंड” रणनीति अपनाई गई है, ताकि राजधानी के संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है और सभी इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को लेकर पहले से ही सुरक्षा बढ़ाई गई है। कई संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। पुलिस का कहना है कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

इस बीच, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन से जुड़ी भ्रामक सूचनाओं पर भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि CJP प्रदर्शनकारियों के पासपोर्ट रद्द करने संबंधी वायरल दावों पर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है और नागरिक केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।