हम भी जारी करेंगे लाठी चलाने वाले पुलिसवालों की लिस्ट’, FRS खुलासे पर CJP का दिल्ली पुलिस को करारा जवाब..

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अब चंद्रशेखर आज़ाद की पार्टी आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) की छात्र इकाई CJP (चंद्रशेखर युवा परिषद) ने दिल्ली पुलिस को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि यदि पुलिस प्रदर्शनकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी, तो संगठन भी लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों की सूची सार्वजनिक करेगा।

यह प्रतिक्रिया उस समय सामने आई जब दिल्ली पुलिस ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान उपद्रव और कानून व्यवस्था भंग करने वालों की पहचान फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) और अन्य तकनीकी माध्यमों से की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पर CJP ने सोशल मीडिया के जरिए पलटवार करते हुए कहा, “अगर FRS के जरिए प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है, तो हम भी लाठी चलाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनकी सूची जारी करेंगे।” संगठन ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं और छात्रों पर अनावश्यक बल प्रयोग किया गया और कई लोगों के साथ अभद्रता की गई।

जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद से राजनीतिक माहौल भी गरमाया हुआ है। विपक्षी दल लगातार दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए थे और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

अब इस पूरे विवाद में FRS तकनीक, पुलिस कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों के अधिकारों को लेकर बहस तेज हो गई है। आने वाले दिनों में पुलिस की जांच और CJP की ओर से किए गए दावों पर सभी की नजर रहेगी।