सरकार सुन नहीं रही, बहनजी न्याय दिलाएं… लखनऊ में 69 हजार शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने मायावती के आवास का किया घेराव…

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की 69 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। शनिवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी राजधानी लखनऊ स्थित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के आवास के बाहर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि सरकार उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है और अब उन्हें न्याय की उम्मीद केवल मायावती से है।

अभ्यर्थियों ने कहा कि वे लंबे समय से नियुक्ति की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। उनका कहना था कि यदि मायावती मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात करें तो उन्हें न्याय मिल सकता है। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने “बहनजी न्याय दिलाओ” और “सरकार सुन नहीं रही” जैसे नारे लगाए।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया। बाद में अभ्यर्थियों का ज्ञापन बसपा पदाधिकारियों के माध्यम से लिया गया। कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर वहां से हटाया, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया वर्षों से लंबित है और सरकार की ओर से प्रभावी पैरवी नहीं किए जाने के कारण उन्हें नियुक्ति नहीं मिल सकी। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।