पटना में दिनदहाड़े मर्डर, थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर युवक को मारी गोली

1200 675 23708813 thumbnail 16x9 patna

पटना में अपराध का ग्राफ दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है. पुलिस के लाख कोशिश करने के बावजूद अपराध कम नहीं हो रहा है. सोमवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह सनसनीखेज वारदात बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित बिहार राज्य भारत स्काउट एंड गाइड कैंपस में हुई. जहां लाइट डेकोरेशन का काम कर रहे 35 वर्षीय युवक राजेश कुमार को सिर में गोली मार दी गई. उसकी मौके पर ही मौत हो गई.बताया जाता है कि मृतक राजेश कुमार कदमकुआं थाना क्षेत्र के चूड़ी मार्केट स्थित ठाकुरबाड़ी रोड का निवासी था. वह ‘जय माता दी लाइट एंड साउंड’ के नाम से अपनी दुकान चलाता था. बताया जा रहा है कि स्काउट एंड गाइड कैंपस में डेकोरेशन के काम के लिए उसे आज ही बुलाया गया था. जैसे ही उसने अपनी स्कूटी से कैंपस में प्रवेश किया पहले से घात लगाए अपराधियों ने पीछे से उसके सिर में गोली मार दी.गोली लगने के बाद राजेश वहीं गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके से एक खोखा, हेलमेट और स्कूटी को जब्त कर लिया है. हालांकि घटनास्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर कोतवाली थाना होने के बावजूद अपराधी आराम से फरार हो गए.मृतक राजेश कुमार दो बच्चों का पिता था. मौत से परिजनों में कोहराम मच गया. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात में कितने लोग शामिल थे और इसके पीछे की मंशा क्या थी?